Jamtara : पुलिस अधीक्षक शम्भू कुमार सिंह की अध्यक्षता में मंगलवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय, जामताड़ा में मासिक अपराध गोष्ठी का आयोजन किया गया. बैठक में जिले के सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, थाना प्रभारी एवं विभिन्न शाखाओं के अधिकारी उपस्थित रहे. गोष्ठी के दौरान जिले में घटित आपराधिक घटनाओं, लंबित मामलों एवं विधि-व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की गई. पुलिस अधीक्षक ने लंबित कांडों के त्वरित निष्पादन एवं अपराध नियंत्रण को लेकर कई महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश जारी किए.
फरार अपराधियों पर चलेगा विशेष अभियान, पुलिस गश्ती बढ़ाने का आदेश
बैठक में महिला एवं बाल अपराध से जुड़े मामलों में त्वरित एवं संवेदनशील कार्रवाई सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया गया. साथ ही साइबर अपराधों की रोकथाम हेतु साइबर अपराधियों की पहचान एवं गिरफ्तारी के लिए और अधिक सक्रियता के साथ कार्य करने का निर्देश दिया गया. एसपी ने वांछित एवं फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाने, लंबित वारंटों का शत-प्रतिशत निष्पादन सुनिश्चित करने तथा थाना क्षेत्रों में नियमित पुलिस गश्ती बढ़ाने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि असामाजिक एवं आपराधिक तत्वों पर लगातार निगरानी रखी जाए ताकि अपराध पर प्रभावी नियंत्रण कायम किया जा सके. सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के उद्देश्य से यातायात नियमों के पालन एवं जन-जागरूकता अभियान चलाने पर भी जोर दिया गया. इसके अलावा आम जनता के साथ बेहतर पुलिस-जनसंपर्क स्थापित कर उनकी समस्याओं का संवेदनशीलता एवं प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने का निर्देश सभी थाना प्रभारियों को दिया गया. पुलिस अधीक्षक शम्भू कुमार सिंह ने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.

Also Read : जिला विज्ञान केंद्र गुमला में तीन दिवसीय समर कैंप का शुभारंभ
