Giridih: जिले के तेलोडीह पंचायत में विकास कार्यों ने अब रफ्तार पकड़ ली है. वर्षों से उपेक्षित और जर्जर पड़ी कच्ची सड़क, जो हर बरसात में ग्रामीणों के लिए परेशानी का सबब बन जाती थी, अब जल्द ही पक्की सड़क के रूप में नजर आएगी. पंचायत के सक्रिय मुखिया शब्बीर आलम की पहल और जनसहयोग से इस महत्वपूर्ण सड़क निर्माण कार्य की शुरुआत कर दी गई है. ग्रामीणों के अनुसार यह सड़क पंचायत सचिवालय तक पहुंचने का मुख्य मार्ग है. इसके अलावा इसी रास्ते से स्कूल, ईदगाह, फुटबॉल मैदान और कब्रिस्तान जैसे महत्वपूर्ण स्थान जुड़े हुए हैं. बरसात के दिनों में सड़क कीचड़ और जलजमाव से भर जाती थी, जिससे स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और आम लोगों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था. कई बार मरीजों को अस्पताल ले जाने में भी परेशानी होती थी. अब सड़क निर्माण शुरू होने से लोगों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद जगी है.
विकास कार्य प्राथमिकता बनी
मुखिया शब्बीर आलम ने बताया कि पंचायत में विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं को देखते हुए इस सड़क निर्माण का निर्णय लिया गया. स्थानीय अंजुमन के सदर, सेक्रेटरी, समाजसेवियों और पंचायत के बुद्धिजीवियों के सहयोग से योजना को धरातल पर उतारा गया है. करीब 4 लाख 99 हजार रुपये की लागत से बनने वाली यह पीसीसी सड़क लगभग 460 फीट लंबी और 10 फीट चौड़ी होगी. सड़क निर्माण पूरा होने के बाद पंचायत सचिवालय तक आवागमन आसान हो जाएगा और आसपास के लोगों को काफी सुविधा मिलेगी. साथ ही बच्चों को स्कूल आने-जाने और ग्रामीणों को सामाजिक एवं धार्मिक स्थलों तक पहुंचने में अब दिक्कतों का सामना नहीं करना पड़ेगा.

मुखिया शब्बीर आलम की सक्रिय भूमिका
सड़क निर्माण कार्य शुरू होने के बाद ग्रामीणों में खुशी का माहौल है. स्थानीय लोगों का कहना है कि मुखिया शब्बीर आलम लगातार पंचायत के विकास के लिए सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं. उनका मानना है कि यह सड़क सिर्फ एक निर्माण कार्य नहीं, बल्कि पंचायत के विकास और बदलाव की नई पहचान बनेगी. ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि आने वाले समय में पंचायत में इसी तरह अन्य बुनियादी सुविधाओं पर भी तेजी से काम होगा. तेलोडीह पंचायत में शुरू हुआ यह निर्माण कार्य इस बात का उदाहरण बन रहा है कि यदि जनप्रतिनिधि ईमानदारी और इच्छाशक्ति के साथ काम करें, तो गांवों की तस्वीर बदली जा सकती है.
AlsoRead:हजारीबाग नगर निगम मार्केट की जर्जर हालत से दहशत में दुकानदार, हर पल हादसे का बना खतरा
