19 अप्रैल को दो पालियों में होगी परीक्षा, 15 केंद्रों पर तैयारियां पूरी
Pakur: झारखंड संयुक्त असैनिक सेवा (सीधी भर्ती) प्रारंभिक प्रतियोगिता परीक्षा 2025 के सफल एवं शांतिपूर्ण आयोजन को लेकर पाकुड़ जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है. यह परीक्षा 19 अप्रैल को जिले के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर दो पालियों में आयोजित की जाएगी. प्रथम पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक जबकि द्वितीय पाली अपराह्न 3 बजे से 5 बजे तक होगी. पाकुड़ जिले में कुल 15 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं. डीसी मनीष कुमार ने तैयारियों का जायजा लेने के लिए केकेएम कॉलेज और आदर्श बिल्टु मध्य विद्यालय का निरीक्षण किया.
यह भी पढ़ें : झारखंड: नक्सलियों के पुनर्वास की समीक्षा, डीजीपी ने दिए स्पीडी ट्रायल और नोडल अधिकारी नियुक्त करने के निर्देश
कदाचारमुक्त परीक्षा कराने पर प्रशासन का जोर
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि परीक्षार्थियों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो. सभी परीक्षा केंद्रों पर मूलभूत सुविधाएं, साफ-सफाई, सुरक्षा एवं अनुशासन की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए. उन्होंने कहा कि परीक्षा को कदाचारमुक्त एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है. उपायुक्त ने केंद्रों पर विशेष रूप से साफ-सफाई बनाए रखने, पेयजल, शौचालय एवं बैठने की व्यवस्था को दुरुस्त रखने का निर्देश दिया, ताकि परीक्षार्थियों को बेहतर वातावरण मिल सके. निरीक्षण के दौरान अपर समाहर्ता जेम्स सुरीन, जिला शिक्षा पदाधिकारी अनीता पुरती, अंचलाधिकारी अरबिंद कुमार बेदिया समेत कई पदाधिकारी मौजूद थे.
यह भी पढ़ें : पलामू में झारखंड मॉडल का अध्ययन करने पहुँची अरुणाचल प्रदेश की टीम, आजीविका कार्यक्रम से ली प्रेरणा
