हजारीबाग: जिले के विष्णुगढ़ प्रखंड क्षेत्र में कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं. झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (जेएलकेएम) के केन्द्रीय संगठन महासचिव महेंद्र प्रसाद महतो उर्फ माही पटेल की संपत्ति को एक बार फिर अपराधियों ने निशाना बनाया है. 15 अप्रैल 2026 की शाम छह बजे असमाजिक तत्वों ने उनकी आम बागवानी में आग लगा दी, जिससे क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया. आगजनी की इस घटना में दर्जनों फलदार और बहुमूल्य पेड़ जिनमें आम, शीशम, नीम, महुआ, गम्हार सहित पचास से अधिक बांस के पौधे शामिल हैं, जो जलकर नष्ट हो गये. हालांकि, ग्रामीणों की तत्परता से आग पर काबू पा लिया गया अन्यथा नुकसान और भी बड़ा हो सकता था.
पहले भी घट चुकी है कई घटनाएं, अपराधी पकड़ से बाहर
गौरतलब है कि यह कोई पहली घटना नहीं है. इससे पूर्व 22 मार्च 2026 को माही पटेल के चचेरे भाई एवं बनासो पंचायत के मुखिया चंद्रशेखर पटेल के आवास के बाहर खड़ी चार पहिया वाहन को भी देर रात आग के हवाले कर दिया गया था. इसके बाद उनकी बागवानी में पेड़ों की कटाई की घटना सामने आई थी. इन सभी मामलों में थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई, लेकिन अब तक अपराधी पुलिस की पकड़ से बाहर हैं.
दोषियों की गिरफ्तारी की मांग
वहीं लगातार हो रही इन घटनाओं से आक्रोशित माही पटेल ने प्रशासन की निष्क्रियता पर सवाल उठाते हुए कहा, कि क्षेत्र में अपराधियों का मनोबल इस कदर बढ़ चुका है कि उन्हें कानून का कोई भय नहीं रह गया है. उन्होंने प्रशासन से स्पष्ट शब्दों में कहा कि यह तय किया जाए कि असामाजिक तत्वों को संरक्षण देना है या उन पर सख्त कानूनी कार्रवाई करनी है. स्थानीय ग्रामीणों में भी इस प्रकार की घटना को लेकर भारी नाराजगी है. उनका कहना है कि यदि समय रहते अपराधियों पर कड़ी कार्रवाई नहीं की गई, तो ऐसी घटनाएं और बढ़ सकती है. ग्रामीणों ने प्रशासन से शीघ्र ही जांच कर दोषियों की गिरफ्तारी और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है.
यह भी पढें: पाकुड़ : झारखंड संयुक्त असैनिक सेवा परीक्षा को लेकर प्रशासन अलर्ट, डीसी ने परीक्षा केंद्रों का किया निरीक्षण
