Pakur: पाकुड़ रविंद्र भवन में झामुमो जिला अध्यक्ष अजीजुल इस्लाम के नेतृत्व में जिला समिति की महत्वपूर्ण बैठक हुई. बैठक में मुख्य रूप से महेशपुर विधायक प्रो. स्टीफन मरांडी, लिट्टीपाड़ा विधायक हेमलाल मुर्मू शामिल हुए. बैठक में मुख्य रूप से मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों को देखते हुए संगठन को बूथ स्तर से लेकर जिला स्तर तक मजबूत करने की दिशा में पहल करने को लेकर चर्चा हुई. साथ ही विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) और आगामी जनगणना जैसे अहम मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की गई.
यह भी पढ़ें : चांडिल : आदिवासी महिला की जमीन पर अवैध मकान का निर्माण, सालों बाद भी नहीं मिली दखल-दिहानी. सीओ पर उठे सवाल
पार्टी के ढांचे को और सशक्त बनाएं : प्रो. स्टीफन मरांडी
बैठक को संबोधित करते हुए महेशपुर विधायक प्रो. स्टीफन मरांडी ने कहा कि वर्तमान राजनीतिक हालात में संगठन की जिम्मेदारी पहले से अधिक बढ़ गई है. उन्होंने बूथ, पंचायत, प्रखंड और जिला स्तर पर पार्टी ढांचे को और सशक्त बनाने का निर्देश दिया, ताकि पार्टी हर स्तर पर प्रभावी भूमिका निभा सके. साथ ही विधायक प्रो. स्टीफन मरांडी ने BLA-2 और बूथ समिति को और सक्रिय तथा धारदार बनाने पर बल दिया. उनका कहना था कि SIR में BLA-2 की भूमिका काफी महत्वपूर्ण है. हमारे लोगों का नाम न कटे. साथ ही उनके सहयोग के लिए बूथ समिति भी काफी मजबूती से डटे रहे.
यह भी पढ़ें : न्यूज वेव खास : झारखंड की ब्यूरोक्रेसी अब ‘यंग, डायनेमिक और रिजल्ट ओरिएंटेड’ मोड में, 46 फीसदी आइएएस हैं युवा

सरकार की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का आह्वान
वहीं बैठक को संबोधित करते हुए लिट्टीपाड़ा विधायक हेमलाल मुर्मू ने कार्यकर्ताओं से जनता के बीच लगातार सक्रिय रहने और सरकार की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का आह्वान किया. बैठक में देश में प्रस्तावित जनगणना के विभिन्न पहलुओं की विस्तार से जानकारी देते हुए उन्होंने कहा कि जनगणना केवल आंकड़ों का विषय नहीं, बल्कि सामाजिक और राजनीतिक प्रतिनिधित्व से भी जुड़ा महत्वपूर्ण मुद्दा है. विधायक हेमलाल मुर्मू ने इस बात पर जोर दिया कि झारखंड के आदिवासी, मूलवासी, पिछड़े और वंचित समाज की सही गणना सुनिश्चित करना जरूरी है, ताकि उनके अधिकार सुरक्षित रह सके. इसके साथ ही SIR को लेकर भी बैठक में गंभीर मंथन हुआ. विधायक हेमलाल मुर्मू ने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी इस प्रक्रिया की आड़ में राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश कर सकती है. झामुमो नेताओं ने संकल्प लिया कि SIR के नाम पर किसी भी लोकतांत्रिक अधिकार से जनता को वंचित नहीं होने दिया जाएगा और भाजपा के किसी भी षड्यंत्र को सफल नहीं होने दिया जाएगा.
