Palamu : जिले की पांच महत्वपूर्ण जर्जर सड़कों का कायाकल्प होने जा रहा है.इसमें गढ़वा जिले की भी कुछ सड़के शामिल है. सांसद पलामू विष्णु दयाल राम की अनुशंसा के आलोक में पथ निर्माण विभाग झारखंड सरकार ने इन सड़कों के निर्माण की स्वीकृति प्रदान कर दी है. सांसद विष्णु दयाल राम ने बताया कि बहुत जल्द पथ निर्माण विभाग के अभियंताओं की टीम संबंधित सड़कों का स्थलीय निरीक्षण करेगी. जिसके बाद निर्माण कार्य की प्रक्रिया को गति प्रदान की जाएगी. जानकारी हो कि सांसद विष्णु दयाल राम ने 24 मार्च 2026 को पथ निर्माण विभाग के प्रधान सचिव सुनील कुमार को पत्र लिखकर क्षेत्र की इन अत्यंत जर्जर सड़कों के पुनर्निर्माण की विशेष अनुशंसा की थी. सांसद की इस पहल का उद्देश्य ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में बेहतर संपर्क व्यवस्था सुनिश्चित करना और आम जनता को आवागमन में हो रही भीषण कठिनाइयों से निजात दिलाना है.
इन सड़कों का होगा कायाकल्प
जिन सड़कों के निर्माण की प्रक्रिया शुरू की गई है, उनमें पलामू जिले के अंतर्गत एनएच-139 (पुराना एनएच-98) हरिहरगंज दुबटिया मोड़ से वाया पीपरा होते हुए पीडब्ल्यूडी रोड, हुसैनाबाद तक लगभग 22 किलोमीटर सड़क, चेचरिया से जमडीहा, करकट्टा होते हुए बसरिया वाया जोगा तक लगभग 13 किलोमीटर सड़क और जपला-छतरपुर से मझौली, पीपरा बाजार, वाया सरहू, झगराखांड, हसनपुर, मधुबाना तक लगभग 15 किलोमीटर लंबी सड़क शामिल है. वहीं, गढ़वा जिले के अंतर्गत परों से कुरून, तिहारो, हरता, चपलसी होते हुए पाट फकीराडीह तक लगभग 24 किलोमीटर और पनघटवा-टाटीदीरी-मार्च-धुरकी तक लगभग 13 किलोमीटर सड़क का निर्माण कराया जाएगा. इस निर्णय से क्षेत्र के निवासियों में हर्ष है.
ALSO READ : RIMS-2 पर सियासी और जमीनी लड़ाई तेज, लोक भवन के बाहर हजारों रैयतों का प्रदर्शन
