Lohardaga: जिले में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन-एसआईआर) अभियान को समयबद्ध और प्रभावी ढंग से पूरा कराने के उद्देश्य से उपायुक्त-सह-जिला निर्वाचन पदाधिकारी संदीप कुमार मीना ने शनिवार को नगर परिषद कार्यालय पहुंचकर कार्यों की विस्तृत समीक्षा की. इस दौरान उन्होंने गणना प्रपत्रों के वितरण, संग्रहण तथा डिजिटाइजेशन की प्रगति का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों एवं कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए.
संग्रहण और डिजिटाइजेशन की धीमी रफ्तार पर नाराजगी
समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने पाया कि गणना प्रपत्रों का वितरण संतोषजनक है, लेकिन उनके संग्रहण एवं डिजिटाइजेशन की गति अपेक्षित स्तर पर नहीं है. इस पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों और कर्मियों को कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि निर्वाचन संबंधी कार्य अत्यंत महत्वपूर्ण एवं संवेदनशील है, इसलिए इसमें किसी भी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी.
समय सीमा के भीतर पूरा करें सभी कार्य
उपायुक्त ने निर्देश दिया कि सभी गणना प्रपत्रों का निर्धारित समय सीमा के भीतर शत-प्रतिशत संग्रहण सुनिश्चित किया जाए. साथ ही संग्रहित प्रपत्रों का तत्काल डिजिटाइजेशन कर ऑनलाइन अभिलेखों को अद्यतन किया जाए, ताकि मतदाता सूची पुनरीक्षण की प्रक्रिया समय पर पूरी हो सके. उन्होंने प्रत्येक दिन की प्रगति की समीक्षा करने तथा जिन क्षेत्रों में कार्य की गति धीमी है, वहां विशेष अभियान चलाकर लंबित कार्यों को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए.
लापरवाही पर होगी कार्रवाई
उपायुक्त ने स्पष्ट कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान निर्वाचन प्रक्रिया की पारदर्शिता और मतदाता सूची की शुद्धता सुनिश्चित करने के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है. ऐसे में सभी अधिकारी एवं कर्मचारी पूरी जिम्मेदारी और गंभीरता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें. उन्होंने चेतावनी दी कि किसी भी स्तर पर लापरवाही या उदासीनता पाए जाने पर संबंधित कर्मियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.
जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त कर्मियों की होगी तैनाती
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जहां कार्यभार अधिक है या मानव संसाधन की कमी है, वहां अतिरिक्त कर्मियों की प्रतिनियुक्ति कर कार्य में तेजी लाई जाए. एईआरओ को भी आवश्यकता के अनुरूप अतिरिक्त संसाधनों की व्यवस्था सुनिश्चित करते हुए लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराने का निर्देश दिया गया.
मतदाता सूची की शुद्धता पर विशेष जोर
समीक्षा के दौरान अधिकारियों ने गणना प्रपत्रों के वितरण, प्राप्त प्रपत्रों की संख्या, डिजिटाइजेशन की वर्तमान स्थिति तथा शेष कार्यों की जानकारी उपायुक्त को दी. इस पर उन्होंने सभी बिंदुओं की विस्तार से समीक्षा करते हुए आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन किया जाए तथा प्रत्येक चरण का कार्य पूरी पारदर्शिता और गुणवत्ता के साथ संपन्न हो.
पात्र मतदाता का नाम नहीं छूटना चाहिए
उपायुक्त ने कहा कि मतदाता सूची लोकतांत्रिक व्यवस्था की आधारशिला है. इसलिए विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के दौरान किसी भी पात्र मतदाता का नाम छूटने न पाए और न ही किसी प्रकार की त्रुटि रह जाए. इसके लिए क्षेत्रवार निगरानी बढ़ाने, नियमित रिपोर्टिंग करने तथा आवश्यकता पड़ने पर विशेष टीमों के गठन पर भी बल दिया.
ये अधिकारी रहे मौजूद
निरीक्षण एवं समीक्षा के दौरान उप निर्वाचन पदाधिकारी संजय कुमार, ईआरओ-सह-अनुमंडल पदाधिकारी अमित कुमार, एईआरओ-सह-कार्यपालक पदाधिकारी नगर परिषद मुक्ति किड़ो सहित निर्वाचन कार्य से जुड़े अन्य अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे. सभी अधिकारियों ने निर्धारित समय सीमा के भीतर शत-प्रतिशत गणना प्रपत्रों का संग्रहण एवं डिजिटाइजेशन सुनिश्चित करने का भरोसा दिलाया.
ALSO READ: पलामूः मेदिनीनगर में देवी मां की प्राण प्रतिष्ठा का अनुष्ठान शुरू, मंदिर परिसर में उमड़ी श्रद्धा
