Palamu : वन विभाग की टीम ने पांकी थाना क्षेत्र के जोतांग जंगल में छापेमारी अभियान चलाया है. इस दौरान टीम ने अवैध कीमती लकड़ी से लदे एक टेंपो को जब्त किया है. इसके साथ ही मौके से अवैध लकड़ी की तस्करी में शामिल तीन तस्करों को भी गिरफ्तार किया गया. पकड़े गए तस्करों की पहचान पांकी थाना क्षेत्र के ताल गांव निवासी कमलेेश यादव, अभिषेक भुइयां और जोतांग गांव निवासी छोटू भुइयां के रूप में हुई है.

गुप्त सूचना के आधार पर हुई छापेमारी
इस मामले के संबंध में जानकारी देते हुए कुंदरी वन क्षेत्र के वन पदाधिकारी सुहाना सौरभ टोपो ने बताया कि वन विभाग की टीम को एक गुप्त सूचना मिली थी. सूचना में बताया गया था कि पांकी थाना क्षेत्र के जोतांग जंगल से अवैध रूप से लकड़ी लादकर एक टेंपो पांकी की तरफ आ रहा है. इसी जानकारी के आधार पर वन विभाग की टीम ने तुरंत वहां पहुंचकर नाकाबंदी की और अवैध लकड़ी समेत टेंपो को अपने कब्जे में ले लिया.
न्यायिक हिरासत में भेजा गया जेल
वन पदाधिकारी के अनुसार, पकड़े गए तीनों आरोपी पेशेवर रूप से इस काम में शामिल थे और हमेशा जंगल से अवैध रूप से लकड़ी काटकर बेचने का धंधा करते थे. लकड़ी की तस्करी के आरोप में गिरफ्तार किए गए इन तीनों व्यक्तियों को बुधवार को न्यायिक हिरासत में जेल भेजा गया.
