Koderma: ऑपरेशन अमानत के तहत RPF कोडरमा ने तत्परता दिखाते हुए ट्रेन में छूटे यात्री के बैग को बरामद कर सुरक्षित रूप से उसके परिजनों को सौंप दिया. यात्री ने आरपीएफ की इस कार्रवाई के लिए धन्यवाद व्यक्त किया. RPF को मिली जानकारी के अनुसार 8 जून 2026 को रेल मदद के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई कि ट्रेन संख्या 12324 बाड़मेर-हावड़ा एक्सप्रेस में यात्रा कर रहे यात्री विशाल पुरी का एक बैग गया स्टेशन पर उतरने के दौरान ट्रेन में ही छूट गया था. यात्री प्रयागराज से गया तक कोच संख्या एस-3 की बर्थ संख्या 68 पर सफर कर रहे थे.
कोडरमा स्टेशन पर मिला बैग
सूचना मिलने के बाद ट्रेन के कोडरमा पहुंचने पर आरपीएफ जवानों ने कोच संख्या एस-3 की बर्थ संख्या 68 की जांच की. जांच के दौरान यात्री का छूटा हुआ हरे रंग का हैंडबैग बरामद कर लिया गया. इसके बाद शिकायतकर्ता से मोबाइल पर संपर्क किया गया और वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैग का सत्यापन कराया गया. सत्यापन के बाद बैग को आरपीएफ पोस्ट कोडरमा में सुरक्षित रखा गया.

परिजन को सौंपा गया सामान
दोपहर करीब 1:30 बजे शिकायतकर्ता के रिश्तेदार संदीप कुमार जैन आरपीएफ पोस्ट कोडरमा पहुंचे. आवश्यक सत्यापन प्रक्रिया पूरी करने के बाद बैग उन्हें सौंप दिया गया. बैग में एक रेडमी मोबाइल फोन, चार्जर और पेट्रोन कंपनी का एयरफोन रखा हुआ था. बरामद सामान की अनुमानित कीमत करीब 16 हजार रुपये बताई गई है. अपना सामान सुरक्षित वापस मिलने पर यात्री ने आरपीएफ कोडरमा की सराहना करते हुए धन्यवाद दिया. आरपीएफ ने कहा कि यात्रियों के खोए हुए सामान को सुरक्षित लौटाने के लिए ऑपरेशन अमानत के तहत लगातार अभियान चलाया जा रहा है.
ALSO READ: धनबाद – सासाराम इंटरसिटी एक्सप्रेस में चेकिंग के दौरान महुआ शराब जब्त
