Chaibasa: चक्रधरपुर रेलवे स्टेशन के समीप स्थित गार्ड बैरिक में आयोजित होने वाली शीतला माता पूजा की तैयारियां बुधवार को राटा पूजा (मंडप पूजा) के साथ विधिवत शुरू हो गईं. धार्मिक अनुष्ठान के दौरान पुरोहित ने मां शीतला का आह्वान कर पूजा संपन्न कराई और पूजा पंडाल निर्माण कार्य का शुभारंभ किया गया.
महिलाओं ने रखा उपवास, निकाली गई भक्ति यात्रा
राटा पूजा के अवसर पर महिलाओं ने उपवास रखकर मां शीतला की आराधना की. वहीं ड्राइवर कॉलोनी से माता की पूजा-अर्चना के बाद श्रद्धालुओं ने भक्ति भाव के साथ यात्रा निकाली, जो गार्ड बैरिक स्थित पूजा स्थल पहुंची. वहां विधिवत पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-शांति और समृद्धि की कामना की गई.

ALSO READ : हाईकोर्ट के आदेश पर खुला जामताड़ा नगर भवन का ताला, JBC स्कूल ऑफ एक्सीलेंस को मिला कब्जा
1960 से लगातार हो रहा है शीतला माता पूजा का आयोजन
श्री शीतला माता पूजा कमेटी के सदस्यों ने बताया कि राटा पूजा के साथ ही शीतला माता पूजा की तैयारियां औपचारिक रूप से प्रारंभ हो जाती हैं. गार्ड बैरिक में वर्ष 1960 से लगातार शीतला माता पूजा का आयोजन किया जा रहा है. इस वर्ष भी पूजा को लेकर भव्य पंडाल का निर्माण और आकर्षक विद्युत सज्जा की जाएगी.
12 जून से शुरू होगा पांच दिवसीय पूजा महोत्सव
कमेटी के अनुसार 12 जून से शुरू होने वाले पांच दिवसीय शीतला माता पूजा महोत्सव का शुभारंभ घट यात्रा के साथ होगा. पूजा संपन्न कराने के लिए खड़गपुर से पुरोहित को आमंत्रित किया गया है. आयोजन का समापन 16 जून को माता के विसर्जन जुलूस के साथ होगा. राटा पूजा के दौरान उदय पुजारी, संजय पासवान समेत पूजा कमेटी के सदस्य और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे.
ALSO READ : हाईकोर्ट के आदेश पर खुला जामताड़ा नगर भवन का ताला, JBC स्कूल ऑफ एक्सीलेंस को मिला कब्जा
