Click Here
Click Here
Click Here

रांची में अगले 48 घंटे बारिश और वज्रपात का अलर्ट, 13 मार्च से बढ़ेगा तापमान

रांची: झारखंड में अगले दो दिनों तक मौसम का मिजाज बिगड़ा रहने वाला है. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के रांची केंद्र...

रांची: झारखंड में अगले दो दिनों तक मौसम का मिजाज बिगड़ा रहने वाला है. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के रांची केंद्र द्वारा जारी ताजा बुलेटिन के अनुसार राज्य के पूर्वी और मध्य हिस्सों में 10 और 11 मार्च को आंशिक बादल छाए रहेंगे और गर्जन के साथ हल्के से मध्यम दर्जे की वर्षा होने की प्रबल संभावना है.

तेज हवा और वज्रपात की चेतावनी

मौसम विभाग ने विशेष चेतावनी जारी करते हुए बताया है कि इन दो दिनों के दौरान संथाल परगना और मध्य झारखंड के जिलों—रांची, बोकारो, गुमला और हजारीबाग—में कहीं-कहीं 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. इसके साथ ही वज्रपात यानी बिजली गिरने का भी खतरा बना रहेगा.

12 मार्च को भी असर रहेगा

मौसम विभाग के अनुसार 12 मार्च को राज्य के उत्तर-पूर्वी भागों में मौसम का असर बना रहेगा, जहां 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं.

Also Read: EXCLUSIVE: बोकारो स्टील प्लांट का प्रदूषण बना ‘साइलेंट किलर’, हर साल 170 लोगों की मौत

पिछले 24 घंटे का मौसम

पिछले 24 घंटों में राज्य के कई हिस्सों में बारिश दर्ज की गई है. पूर्वी सिंहभूम के धालभूमगढ़ में सबसे अधिक 42.4 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई. वहीं सरायकेला राज्य का सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 36.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि लातेहार में न्यूनतम तापमान 17.1 डिग्री सेल्सियस रहा.

राजधानी रांची का हाल

राजधानी रांची में भी अगले दो दिनों तक बादलों की आवाजाही और गर्जन के साथ बारिश होने की संभावना बनी रहेगी. हालांकि 13 मार्च से मौसम पूरी तरह शुष्क होने और आसमान साफ रहने का अनुमान है.

13 मार्च के बाद बढ़ेगा तापमान

मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों तक तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा, लेकिन उसके बाद अधिकतम तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी हो सकती है. अगले तीन दिनों में तापमान 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ने का अनुमान है.

रांची में 36°C तक पहुंच सकता है पारा

अनुमान के मुताबिक 10 मार्च को रांची का अधिकतम तापमान लगभग 30 डिग्री सेल्सियस रहेगा, जो 14 मार्च तक बढ़कर 36 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है.

15-16 मार्च को फिर बदल सकता है मौसम

मौसम विभाग ने यह भी संकेत दिया है कि 15 और 16 मार्च को उत्तर-पश्चिमी हिस्से को छोड़कर राज्य के अधिकांश इलाकों में एक बार फिर आंशिक बादल छाने और गर्जन के साथ हल्की वर्षा होने की संभावना है, जिससे लोगों को फिलहाल तेज धूप से कुछ राहत मिल सकती है.

add1
सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *