रांची: हजारीबाग में स्वास्थ्य मंत्री डॉ. ईरफान अंसारी की मौजूदगी में न्यूज 18 के पत्रकार सुशांत सोनी समेत दो पत्रकारों के साथ मारपीट की घटना का विरोध अब रांची तक पहुंच गया है. इस घटना को लेकर बुधवार को रांची प्रेस क्लब में पत्रकारों में विरोध प्रदर्शन किया है.

इस दौरान सैकड़ों पत्रकार एकजुट होकर हजारीबाग की घटना की कड़ी निंदा करते हुए सर्वसम्मति से निंदा प्रस्ताव पारित किया गया. उपस्थित पत्रकारों ने एक स्वर में मंत्री की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि उनकी उपस्थिति में पत्रकारों के साथ इस तरह की घटना होना लोकतंत्र और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर सीधा हमला है. बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि यदि स्वास्थ्य मंत्री सार्वजनिक रूप से माफी नहीं मांगते हैं तो चतरा के पत्रकार चरणबद्ध आंदोलन शुरू करेंगे. साथ ही मंत्री के सभी कार्यक्रमों का सामूहिक बहिष्कार करने का भी ऐलान किया गया.
