Ranchi: राजधानी में लगातार हो रही बारिश के बीच रांची नगर निगम पूरी तरह अलर्ट मोड में है. शहर के अलग-अलग इलाकों में जलभराव की शिकायत मिलते ही नगर निगम की क्विक रिस्पांस टीम (QRT) मौके पर पहुंच रही है और तुरंत पानी निकासी का काम कर रही है. नगर निगम के मुताबिक, 6 और 7 जुलाई को शहर के 14 स्थानों से अल्पकालीन जलभराव की शिकायतें मिलीं. शिकायत मिलते ही टीम ने मोटर पंप, सुपर सकर मशीन, जेसीबी और सफाई कर्मियों की मदद से पानी निकालकर स्थिति सामान्य कर दी. जिन प्रमुख इलाकों में जलभराव की समस्या दूर की गई, उनमें बर्फ फैक्ट्री गली, बिजली ऑफिस के पास, अशोकपुरम रोड, किशोरगंज रोड नंबर-6, इरगुटोली, विजय पथ, राधा नगर, आनंद नगर, शांति नगर, पाव टोली, विद्यानगर, डिपाटोली, अरगोड़ा हाउसिंग कॉलोनी, लाजपत नगर, मोराबादी लेबर बाजार, कार्ट सराय रोड, तुपुदाना का परमार्थ नगर और रांची रेलवे स्टेशन मार्ग सहित कई इलाके शामिल हैं.
यह भी पढ़ें: बोकारो: ढोरी केंद्रीय अस्पताल की अमृत फार्मेसी में विजिलेंस का छापा, दवाओं की कमी पर भड़के डॉक्टर, प्रबंधन मौन

24 घंटे अलर्ट पर QRT टीमें
नगर निगम ने बताया कि बारिश को देखते हुए सभी QRT टीमों को 24 घंटे अलर्ट पर रखा गया है. वहीं, जलभराव वाले संवेदनशील इलाकों की नालियों की लगातार सफाई और निगरानी भी की जा रही है, ताकि लोगों को परेशानी न हो. नगर निगम ने लोगों से अपील की है कि अगर कहीं जलभराव या जल निकासी की समस्या हो तो तुरंत टोल-फ्री हेल्पलाइन 1800-570-1235 पर सूचना दें, ताकि बिना देरी के कार्रवाई की जा सके.

यह भी पढ़ें: पत्नी पर जानलेवा हमले के मामले में पति को 7 साल की सजा


