Palamu: जिले के मोहम्मदगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से सोलर प्लेट चोरी होने के मामले का पुलिस ने सफल उद्भेदन किया है. स्वास्थ्य केंद्र से अज्ञात चोरों द्वारा 10 सोलर प्लेटें चोरी कर ली गई थीं, जिसके बाद मोहम्मदगंज थाने में मामला दर्ज कर अनुसंधान प्रारंभ किया गया था.
मामले की गंभीरता को देखते हुए पलामू पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, हुसैनाबाद के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया, जिसने गुप्त सूचना के आधार पर सशस्त्र बल के सहयोग से एक संदिग्ध व्यक्ति को पकड़कर पूछताछ शुरू की.

पूछताछ में आरोपी ने कबूला जुर्म
पूछताछ के क्रम में पकड़े गए युवक ने अपना नाम शंकर राम बताया, जो वर्तमान में मोहम्मदगंज की सिंचाई कॉलोनी का निवासी है, जबकि उसका स्थायी पता दैदनगर थाना क्षेत्र के करीमनडीह टोला भड़इपर में है. पुलिस द्वारा की गई पूछताछ में आरोपी ने चोरी की इस घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली.
उसके स्वीकारोक्ति बयान के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सिंचाई कॉलोनी स्थित एक पुराने गोदाम में छापेमारी की, जहां से चोरी गई 10 सोलर प्लेटों में से 08 सोलर प्लेटें बरामद कर ली गईं. पुलिस ने स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में विधिवत जब्ती सूची तैयार कर बरामद सोलर प्लेटों को जब्त कर लिया.
Also Read: तालाब और सड़कों पर निर्माण को लेकर कांग्रेस-CPI का विरोध, आंदोलन की चेतावनी
घटना में नाबालिग की भी शामिल
इस चोरी की घटना में एक 15 वर्षीय नाबालिग बालक की संलिप्तता भी सामने आई है. पुलिस ने आरोपी शंकर राम को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है, जबकि घटना में शामिल विधि-विरुद्ध नाबालिग बालक को निरुद्ध कर बाल सुधार गृह भेज दिया गया है.
इनकी रही अहम भूमिका
इस सफल कार्रवाई में मोहम्मदगंज थाना प्रभारी नारायण सोरेन, अनुसंधानकर्ता बुद्धू उरांव, अजय राम, जितेंद्र कुमार गुप्ता, शुमंत कुमार चौधरी, रामअशीष सिंह और रविकांत कुमार मुख्य रूप से शामिल रहे.
