Palamu: मेदीनिनगर नगर निगम प्रशासन द्वारा शहर के मुख्य मार्गों और ऐतिहासिक सैंडर्श तालाब में कराए जा रहे निर्माण कार्यों पर कांग्रेस और भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (सीपीआई) ने कड़ा ऐतराज जताया है. सोमवार को कांग्रेस की पलामू जिलाध्यक्ष विमला कुमारी, वरिष्ठ नेता राजेश चौरसिया और सीपीआई के वरिष्ठ नेता केडी सिंह ने संयुक्त रूप से निर्माण स्थलों का निरीक्षण किया.
सैंडर्श तालाब में निर्माण कार्य पर जताई आपत्ति
इस दौरान नेताओं ने पाया कि नावाटोली स्थित ऐतिहासिक सैंडर्श तालाब की जमीन पर कथित रूप से अतिक्रमण कर वहां मार्केट कॉम्प्लेक्स का निर्माण कराया जा रहा है. नेताओं का आरोप है कि इस निर्माण कार्य के कारण तालाब के जल निकासी का मुख्य मार्ग पूरी तरह बंद हो गया है, जिसका खामियाजा स्थानीय मोहल्लावासियों को आगामी मानसून में भुगतना पड़ सकता है.

उन्होंने कहा कि जल निकासी बाधित होने से बारिश का पानी लोगों के घरों में घुस सकता है और अत्यधिक वर्षा की स्थिति में तालाब का बांध टूटने की आशंका भी बनी रहेगी.
तालाब को अतिक्रमण मुक्त करने के बजाय निर्माण का आरोप
निरीक्षण के बाद नेताओं ने रोष व्यक्त करते हुए कहा कि सैंडर्श तालाब के आधे से अधिक हिस्से पर पहले ही भू-माफियाओं और अन्य लोगों द्वारा अतिक्रमण किया जा चुका है. ऐसे में नगर निगम को तालाब को अतिक्रमण मुक्त कराना चाहिए था, लेकिन इसके उलट तालाब क्षेत्र में ही निर्माण कार्य कराया जा रहा है.
नेताओं ने आरोप लगाया कि यह न्यायालय के उस निर्देश की भावना के विपरीत है, जिसमें जल स्रोतों और सड़कों को अतिक्रमण मुक्त रखने पर जोर दिया गया है.
Also Read: रांची: कांके डैम को प्रदूषण से बचाने के लिए नगर निगम की कार्रवाई, हटाया गया 11 अवैध सुअर पालन केंद्र
मुख्य सड़कों पर दुकानों के निर्माण का भी विरोध
कांग्रेस जिलाध्यक्ष विमला कुमारी ने नगर निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि शहर के प्रमुख और व्यस्त मार्गों को घेरकर दुकानों का निर्माण कराया जा रहा है.
उन्होंने बताया कि रेडमा स्थित बिजली विभाग कार्यालय के पास भारी ट्रैफिक वाले मुख्य मार्ग पर दुकान निर्माण के लिए नींव खोदी गई है और निर्माण सामग्री भी रखी गई है, जिससे वहां लगातार जाम की स्थिति बनी रहती है.
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि केजी स्कूल मार्ग का अतिक्रमण कर पार्क बना दिया गया है तथा शहर के कई महत्वपूर्ण मार्गों पर मेघा डेयरी के बूथ स्थापित कर दिए गए हैं, जिससे यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही है.
काम नहीं रुका तो होगा आंदोलन
कांग्रेस और सीपीआई नेताओं ने नगर निगम प्रशासन से मांग की है कि सड़कों पर बन रही दुकानों और सैंडर्श तालाब में बन रहे मार्केट कॉम्प्लेक्स के निर्माण कार्य पर तत्काल रोक लगाई जाए.
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो कांग्रेस और सीपीआई इस मुद्दे को लेकर सड़क पर उतरकर आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे.
