बेरोजगारी, महंगाई और किसानों के मुद्दों पर जवाब दे भाजपा, केवल प्रचार से नहीं चलता देश: राकेश सिन्हा

Ranchi: झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मीडिया प्रभारी राकेश सिन्हा ने भाजपा नेता बाबूलाल मरांडी द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सरकार के 12...

Ranchi: झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मीडिया प्रभारी राकेश सिन्हा ने भाजपा नेता बाबूलाल मरांडी द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों पर दिए गए बयान को भ्रामक, तथ्यहीन और जनता को गुमराह करने वाला करार दिया है. उन्होंने कहा कि भाजपा अपनी विफलताओं को छिपाने के लिए झूठे दावों का सहारा ले रही है.

12 साल का कार्यकाल उपलब्धियों का नहीं, समस्याओं का दौर: राकेश सिन्हा

राकेश सिन्हा ने कहा कि यदि मोदी सरकार के 12 वर्ष वास्तव में उपलब्धियों का स्वर्णिम काल होते, तो आज देश का युवा रोजगार के लिए भटकने को मजबूर नहीं होता. किसान अपनी उपज का उचित मूल्य पाने के लिए सड़कों पर आंदोलन नहीं कर रहे होते और महंगाई ने आम परिवारों की आर्थिक स्थिति को कमजोर नहीं किया होता.

विकास का लाभ सिर्फ चुनिंदा उद्योगपतियों तक सीमित: राकेश सिन्हा

उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने “सबका साथ, सबका विकास” का नारा तो दिया, लेकिन विकास का लाभ कुछ चुनिंदा उद्योगपतियों तक ही सीमित रहा. आम जनता बढ़ती बेरोजगारी, महंगाई और आर्थिक असुरक्षा से जूझ रही है. प्रतिवर्ष दो करोड़ रोजगार देने का वादा करने वाली सरकार आज सरकारी विभागों में लाखों रिक्त पदों को भी नहीं भर पाई है.

Read Also: नशा मुक्त झारखण्ड” अभियान के तहत सदर अस्पताल, कोडरमा में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन

कांग्रेस की योजनाओं और योगदान का किया उल्लेख

सिन्हा ने कहा कि भाजपा कांग्रेस पर गरीबों की चिंता नहीं करने का आरोप लगाती है, जबकि मनरेगा, सूचना का अधिकार, खाद्य सुरक्षा कानून, शिक्षा का अधिकार, किसान ऋण माफी और आधारभूत ढांचे के विस्तार जैसी ऐतिहासिक योजनाएं कांग्रेस सरकारों की देन हैं. उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने देश को लोकतांत्रिक संस्थाएं, सार्वजनिक क्षेत्र के उद्योग, आईआईटी, आईआईएम, एम्स और वैज्ञानिक विकास की मजबूत नींव प्रदान की.

लोकतांत्रिक संस्थाओं की स्वायत्तता पर हमला करने का आरोप

कांग्रेस नेता ने कहा कि मोदी सरकार के 12 वर्षों में लोकतांत्रिक संस्थाओं की स्वायत्तता कमजोर हुई है. संसद की गरिमा प्रभावित हुई है, संवैधानिक संस्थाओं के दुरुपयोग की घटनाएं बढ़ी हैं और विपक्ष की आवाज दबाने का प्रयास किया गया है. उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा हर असहमति को देशविरोध से जोड़ने का प्रयास करती है.

भाजपा पहले इन सवालों का जवाब दे : कांग्रेस

राकेश सिन्हा ने भाजपा से सवाल पूछते हुए कहा कि किसानों की आय दोगुनी क्यों नहीं हुई, पेट्रोल-डीजल और रसोई गैस की कीमतों में लगातार वृद्धि क्यों हुई, युवाओं को रोजगार क्यों नहीं मिला और देश की सार्वजनिक संपत्तियां निजी हाथों में क्यों सौंपी जा रही हैं. उन्होंने कहा कि केवल प्रचार और इवेंट मैनेजमेंट से देश नहीं चलता, जनता वास्तविक परिस्थितियों को भलीभांति समझती है.

जनता के मुद्दों पर संघर्ष जारी रखेगी कांग्रेस

सिन्हा ने कहा कि देश की प्रगति का श्रेय किसी एक व्यक्ति या दल को नहीं, बल्कि करोड़ों किसानों, मजदूरों, युवाओं, महिलाओं और पूर्ववर्ती सरकारों के योगदान को जाता है. उन्होंने कहा कि भाजपा का आत्मप्रशंसा अभियान देश की वास्तविक समस्याओं को नहीं छिपा सकता. कांग्रेस रोजगार, महंगाई, किसानों के अधिकार, सामाजिक न्याय और संविधान की रक्षा जैसे मुद्दों को मजबूती से उठाती रहेगी तथा भाजपा सरकार को उसके वादों और विफलताओं के लिए जवाबदेह बनाती रहेगी.

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *