Ranchi: धुर्वा थाना क्षेत्र सेक्टर-1 पंचमुखी हनुमान मंदिर के पास रहने वाले ऑटो चालक श्याम सुंदर कुमार पर डोरंडा-हिनू मार्ग में चाकू से जानलेवा हमला कर 20 जून को लूटपाट की गयी थी, आरोपियों ने मोबाइल फोन, नकदी और चांदी की चेन लूट ली थी, मामले में पुलिस ने लूटपाट करने वाले दो आरोपी मो अरमान अंसारी उर्फ अरमान तथा मो नाविद राजा को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस के अनुसार प्राथमिकी दर्ज होने के बाद छापेमारी शुरू गयी तो पुलिस को डोरंडा के लाइन मुहल्लाा में दो अपराधियों के छिपे होने सूचना मिली. अपराधी मो नाविद राजा के घर छापेमारी की गयी तो वह और उसका साथी मो अरमान अंसारी उर्फ अरमान घर में उपस्थित थे. दोनो को गिरफ्तार कर लिया गया. मो नाविद राजा पर डोरंडा थाना में लूट, जानलेवा हमला, रंगदारी मांगने सहित नौ मामले दर्ज हैं. उनके पास से लूटे गये मोबाइल,चांदी का चेन व घटना में प्रयुक्त चाकू बरामद किया गया. जबकि तीसरे आरोपी की तलाश जारी है. दो आरोपियों की गिरफ्तारी में डोरंडा पुलिस को सीसीटीवी फुटेज से भी काफी सहायता मिली.
क्या था मामला
प्राथमिकी के अनुसार, 20 जून की शाम करीब 5:30 से 6:00 बजे के बीच श्याम सुंदर कुमार अपना ऑटो ल लेकर डोरंडा से हिनू की ओर जा रहे थे. इसी दौरान एक युवक अचानक ऑटो के सामने आकर खड़ा हो गया और रुपये की मांग करने लगा. विरोध करने पर उसके दो अन्य साथी भी मौके पर पहुंच गए और ऑटो की चाबी छीनने का प्रयास करने लगे. जब चालक ने विरोध किया तो एक अपराधी ने चाकू निकालकर उसकी गर्दन पर जानलेवा वार कर दिया. हालांकि समय रहते बचाव करने के कारण बड़ा हादसा टल गया, लेकिन गर्दन में चोट लग गई. इसके बाद अपराधियों ने चालक का मोबाइल फोन, 8 से 10 हजार रुपये नकद तथा गले में पहनी 16 ग्राम की चांदी की चेन लूट ली और फरार हो गए.

Read Also: भूख के आगे हारी ममता : रांची में दो मासूमों की मां लाचार, बच्चों को अनाथालय भेजने की गुहार


