Gumla: जिला के कुरूमगढ़ थाना क्षेत्र के उरु रोरेद गांव निवासी 30 वर्षीय समीर उरांव का शव शनिवार को उरु जंगल में एक पेड़ से रस्सी के सहारे लटका मिला. घटना की सूचना मिलते ही कुरूमगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. साथ ही मामले की जांच शुरू कर दी गई है.
घर से निकला था, सुबह जंगल में मिला शव
प्राप्त जानकारी के अनुसार, समीर उरांव शुक्रवार की शाम घर से निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा. इसके बाद परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की. सुबह खोजबीन के दौरान जंगल में एक पेड़ से उसका शव लटका मिला.
परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
मृतक के परिजनों ने हत्या कर शव को फंदे से लटकाकर आत्महत्या का रूप देने का आरोप लगाया है. पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है. मामले में गांव के ही एक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है.
Also Read: गिरिडीह: 25 लाख के इनामी शीर्ष नक्सली अजय महतो उर्फ टाइगर गिरफ्तार, 240 से अधिक मामलों में था वांछित
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
कुरूमगढ़ थाना प्रभारी ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत होने के कारण हर पहलू की जांच की जा रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. मृतक के भाई नेहरू टोप्पो ने बताया कि समीर उरांव की शादी करीब आठ वर्ष पहले हुई थी, लेकिन उसकी कोई संतान नहीं है. उसकी पत्नी फिलहाल अपने मायके में रह रही है.
