Bermo: बेरमो अनुमंडल के बोकारो थर्मल स्थित कार्मेल अंग्रेजी मीडियम स्कूल के तत्वावधान में एएसआईएससी का दो दिवसीय जोनल शतरंज प्रतियोगिता शनिवार को सफलतापूर्वक संपन्न हुआ. प्रतियोगिता में क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों के प्रतिभागियों ने भाग लेते हुए अपनी खेल प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया.

कड़ी प्रतिस्पर्धा, अंडर-14 वर्ग में दिखा दम
प्रतियोगिता के दौरान विशेष रूप से अंडर-14 वर्ग में खिलाड़ियों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिली. प्रतिभागियों ने खेल के दौरान अद्भुत एकाग्रता और रणनीतिक कौशल का परिचय दिया, जिससे मुकाबले रोमांचक बने रहे.
ALSO READ: छह दिन बाद रेलवे ट्रैक से हटाई गई दुर्घटनाग्रस्त स्कॉर्पियो, कोयला आपूर्ति फिर से बहाल
धनबाद की टीम बनी चैंपियन
विद्यालय की प्राचार्या सिस्टर एम डेलिया और प्रबंधक सिस्टर एम इन्नेट के मार्गदर्शन में आयोजित इस प्रतियोगिता में कार्मेल स्कूल सीएमआरआई, धनबाद ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ओवरऑल चैंपियनशिप अपने नाम की. वहीं मेजबान कार्मेल स्कूल, बोकारो थर्मल उपविजेता रहा.
आयोजन में कई लोगों की रही भूमिका
प्रतियोगिता के सफल संचालन में मुख्य आर्बिटर बिनोद कुमार साव ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. उन्होंने कहा कि शतरंज जैसे खेल विद्यार्थियों में तार्किक सोच और त्वरित निर्णय लेने की क्षमता विकसित करते हैं.
समारोह के अंत में विजेताओं को प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया. कार्यक्रम का संचालन लक्ष्मी चंद और बबीता सोनी ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन अंकुश द्वारा दिया गया. आयोजन को सफल बनाने में शिक्षक सुशांतो, आश्रिता, शिबू, तारीक, सुरेश, अर्जुन, धनंजय, जितेंद्र, नागेश्वर, गोम्स और प्रशांत सहित समस्त विद्यालय परिवार का सराहनीय योगदान रहा.
