Hazaribagh: भारतीय रेलवे बोर्ड ने गोमो-कोडरमा एवं गया जंक्शन होकर चलने वाली 11 जोड़ी महत्वपूर्ण ट्रेनों को हाईस्पीड ट्रेन का दर्जा प्रदान किया है. रेलवे बोर्ड की ओर से जारी नई सूची में देशभर की 155 ट्रेनों को शामिल किया गया है. इस फैसले के बाद रेलवे कर्मियों को इन ट्रेनों में ड्यूटी करने पर हाईस्पीड ट्रेनों के अनुरूप विशेष ट्रिप अलाउंस भी मिलेगा. यह निर्णय नेशनल फेडरेशन ऑफ इंडियन रेलवे (NFIR) की मांग के बाद लिया गया है. NFIR ने रेलवे बोर्ड के पीएनएम (परमानेंट नेगोशिएशन मशीनरी) बैठक में इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाया था. लंबे समय से रेलकर्मी संगठनों की मांग थी कि तेज गति से चलने वाली और आधुनिक सुविधाओं से लैस ट्रेनों को आधिकारिक रूप से हाईस्पीड श्रेणी में शामिल किया जाए.

इन प्रमुख ट्रेनों को मिला हाईस्पीड का दर्जा
रेलवे बोर्ड द्वारा जारी सूची में गोमो, कोडरमा और गया रूट से गुजरने वाली कई प्रतिष्ठित ट्रेनों को शामिल किया गया है. इनमें प्रमुख रूप से सियालदह-बीकानेर दूरंतो एक्सप्रेस, हावड़ा-नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस, हावड़ा-नई दिल्ली दूरंतो एक्सप्रेस, गोमो होकर चलने वाली तीनों जोड़ी भुवनेश्वर-नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस, सियालदह-आनंद विहार बंगाल संपर्क क्रांति एक्सप्रेस, आनंद विहार-बंगाल संपर्क क्रांति एक्सप्रेस, सियालदह-अमृतसर जालियांवाला बाग एक्सप्रेस, हावड़ा-गया वंदे भारत एक्सप्रेस, पूर्वा एक्सप्रेस जैसी महत्वपूर्ण ट्रेनों के नाम शामिल हैं.
Also Read: हजारीबाग नगर निगम का एक्शन: दुकानदारों की दुकानें होंगी सील, 400 से अधिक दुकानदार निगम के निशाने पर
रेलवे कर्मचारियों को मिलेगा अतिरिक्त लाभ
हाईस्पीड ट्रेन का दर्जा मिलने के बाद इन ट्रेनों में कार्यरत रेलवे कर्मचारियों को विशेष ट्रिप अलाउंस और अन्य सुविधाएं भी मिलेंगी. रेलवे सूत्रों के अनुसार, तेज गति से संचालित ट्रेनों में काम करने वाले कर्मचारियों की जिम्मेदारी अधिक होती है, इसलिए उन्हें अतिरिक्त भत्ता देने का प्रावधान किया गया है.
यात्रियों के लिए भी महत्वपूर्ण फैसला
रेलवे विशेषज्ञों का मानना है कि इस फैसले से भविष्य में इन ट्रेनों की परिचालन व्यवस्था और बेहतर होगी. हाईस्पीड श्रेणी में शामिल होने के बाद समयपालन, तकनीकी निगरानी और यात्री सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया जाएगा. इससे झारखंड और बिहार के यात्रियों को भी बेहतर रेल सेवा का लाभ मिलने की उम्मीद है.
कोडरमा-गोमो रेलखंड की बढ़ी अहमियत
गोमो-कोडरमा-गया रेलखंड पहले से ही पूर्वी भारत के सबसे व्यस्त और महत्वपूर्ण रेल मार्गों में गिना जाता है. राजधानी, दूरंतो और वंदे भारत जैसी ट्रेनों के संचालन से इस रूट का महत्व लगातार बढ़ रहा है. रेलवे बोर्ड के इस निर्णय से क्षेत्र के यात्रियों और रेलकर्मियों में खुशी का माहौल है.
