Giridih : गिरिडीह जिले के पचंबा क्षेत्र के 16 वर्षीय होनहार छात्र उज्जवल पांडे ने अपनी कड़ी मेहनत और लगन के बल पर बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए पूरे जिले का नाम रोशन किया है. उन्होंने संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) द्वारा आयोजित NDA परीक्षा में ऑल इंडिया रैंक 104 प्राप्त कर भारतीय वायुसेना में फ्लाइंग ऑफिसर बनने का सुनहरा अवसर प्राप्त किया है. उनकी इस सफलता से गिरिडीह में खुशी और गर्व का माहौल है.
यह भी पढ़ें : बिहार में BJP की नई पारी, सम्राट चौधरी के नेतृत्व पर झारखंड में जश्न
साधारण परिवार से आते हैं उज्जवल
उज्ज्वल एक साधारण परिवार से आते हैं. उनके पिता उमेश कुमार पांडे और माता सवीता देवी ने सीमित संसाधनों के बावजूद अपने बेटे को बेहतर शिक्षा दिलाने में कोई कसर नहीं छोड़ी. उज्जवल ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा होली क्रॉस स्कूल, पचंबा से प्राप्त की और शुरू से ही पढ़ाई के प्रति गंभीर रहे.
यह भी पढ़ें : झारखंड में शराब दुकानों के संचालन नियमों में बदलाव: अब JSBCL संभालेगी ‘अनसेटल्ड’ दुकानों की कमान

युवाओं के लिए प्रेरणादायक
मूल रूप से विशुनपुर, पीरटांड़ के निवासी उज्जवल वर्तमान में पचंबा में रहकर अपनी पढ़ाई कर रहे थे. उनकी सफलता यह साबित करती है कि मेहनत, अनुशासन और सही मार्गदर्शन से कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है. उज्जवल की इस उपलब्धि पर परिजनों, शिक्षकों और स्थानीय लोगों में खुशी की लहर है. सभी ने उनके उज्जवल भविष्य की कामना करते हुए इसे जिले के युवाओं के लिए प्रेरणादायक बताया है.
