Ranchi: विवादित महिला दरोगा मीरा सिंह से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग केस में रांची PMLA (प्रिवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट) की विशेष अदालत में सुनवाई हुई. बुधवार को हुई सुनवाई के दौरान आरोपी को पुलिस पेपर सौंप दिया गया है. इसके बाद अब कोर्ट इस केस में आरोप गठन की प्रक्रिया शुरू करेगा. कोर्ट ने अगली सुनवाई के लिए 30 मई की तिथि निर्धारित की है.
ED ने दर्ज किया केस
दरअसल रांची में पदस्थापित दरोगा मीरा सिंह को ED ने अभियुक्त बनाते हुए कांड संख्या ECIR 8/2025 दर्ज किया है. एजेंसी ने इस मामले में पिछले वर्ष प्रॉसिक्यूशन कंप्लेंट भी दाखिल कर दी है, जिस पर विशेष अदालत संज्ञान ले चुकी है.
छापेमारी में नकदी बरामद
दारोगा मीरा सिंह और उनसे जुड़े लोगों के ठिकानों पर ED ने करीब दो वर्ष पहले छापेमारी की थी. इस दौरान आरोपितों के ठिकानों से 12.50 लाख रुपये नकद बरामद हुए थे. पूछताछ में रुपयों के स्रोत को लेकर संतोषजनक जवाब नहीं दिया गया.
मोबाइल भी जब्त
ईडी ने छापेमारी के दौरान आठ मोबाइल फोन भी बरामद किए थे, जिन्हें जांच के लिए जब्त किया गया है. मीरा सिंह खूंटी में पदस्थापन के दौरान पहली बार विवादों में आई थीं. ACB ने उन्हें 10 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया था. बाद में ED ने ACB द्वारा दर्ज केस को टेकओवर कर मनी लॉन्ड्रिंग के एंगल से जांच शुरू की.
