Palamu : बसौरा फार्म बस एक परियोजना नहीं, बल्कि आधुनिक एवं बहुआयामी खेती की दिशा में किसानों के लिए प्रेरणादायक मॉडल साबित होगा. इससे किसानों को कम भूमि में अधिक उत्पादन एवं आय में वृद्धि के अवसर मिलेंगे. ये बातें पलामू डीसी दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने बसौरा फार्म के निरीक्षण के दौरान कहीं. फार्म का निमार्ण नीलांबर पीताम्बरपुर प्रखंड में किया जा रहा है. निरीक्षण के दौरान डीसी ने प्रगति की समीक्षा की. साथ ही संबंधित पदाधिकारियों एवं संवेदकों को सभी कार्य गुणवत्ता के साथ शीघ्र पूर्ण करने का निर्देश दिया. निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने कहा कि बसौरा फार्म में विकसित किया जा रहा यह मल्टीलेयर फार्मिंग मॉडल पलामू जिले के कृषि क्षेत्र में एक नए युग की शुरुआत करेगा.
कृषि, बागबानी गतिविधियों को एकीकृत रूप में विकसित किया जा रहा
उन्होंने कहा कि इस परियोजना के अंतर्गत कृषि, बागवानी एवं पशुपालन से जुड़ी गतिविधियों को एकीकृत रूप से विकसित किया जा रहा है. यहां किसानों को आधुनिक तकनीकों का प्रशिक्षण भी दिया जाएगा. उपायुक्त ने निरीक्षण के दौरान मल्टीलेयर फार्मिंग परियोजना के तहत विकसित किए जा रहे सब्जी नर्सरी, शेड नेट हाउस एवं पॉलीहाउस, मशरूम स्पॉन यूनिट, औषधीय पौधों का गार्डन समेन अन्य यूनिट का जायजा लिया.

तालाब में साल भर रहे पानी
इस दौरान उन्होंने तालाब की आउटलेट व्यवस्था की जानकारी लेते हुए निर्देश दिया कि साल भर तालाब में पर्याप्त जल उपलब्ध रहे. इसके लिए स्थायी ए व्यवस्था की जायें. इस योजना से जिले में कृषि आधारित रोजगार एवं आजीविका के नए अवसर भी सृजित होंगे. निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने 5 टन क्षमता वाले निर्माणाधीन कोल्ड स्टोरेज का भी जायजा लिया. उन्होंने कहा कि यह सुविधा किसानों को कृषि उत्पादों के सुरक्षित भंडारण में मदद करेगी. साथ ही उत्पादों के बेहतर मूल्य प्राप्त करने में सहायक सिद्ध होगा.
ALSO READ : राधाकृष्ण किशोर : झारखंड की राजनीति के ‘गूगल मैप’, जो हर दल का रास्ता जानते हैं
