Ranchi: झारखंड में मौसम का मिजाज एक बार फिर तेजी से बदलने वाला है. देश के विभिन्न हिस्सों, पश्चिमी मध्य प्रदेश, पूर्वी उत्तर प्रदेश और पूर्वोत्तर बिहार के ऊपर बने चक्रवाती हवाओं के क्षेत्र (साइकलोनिक सर्कुलेशन) का सीधा असर राज्य के मौसम पर दिख रहा है. मौसम विभाग के अनुसार, अगले एक हफ्ते तक राज्य के कई हिस्सों में तेज आंधी-तूफान, गरज-चमक और वज्रपात की आशंका है. इस दौरान हवाओं की रफ्तार 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है.
पिछले 24 घंटों का हाल
पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश दर्ज की गई. पश्चिमी सिंहभूम के मुंझारी में सबसे ज्यादा 18.0 मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई. राज्य में सबसे अधिक तापमान डाल्टनगंज में 41.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. वहीं, रांची के कांके में मौसम सबसे ठंडा रहा, जहां न्यूनतम तापमान गिरकर 17.4 डिग्री सेल्सियस रहा.

आने वाले दिनों का पूर्वानुमान
- 17 मई: कोडरमा, हजारीबाग, चतरा और गिरिडीह को छोड़कर राज्य में कहीं-कहीं 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और बिजली गिरने की संभावना है.
- 18 मई: उत्तर-पश्चिमी जिलों को छोड़कर राज्य के बाकी हिस्सों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी आ सकती है.
- 19 मई: धनबाद और गिरिडीह समेत उत्तर-पूर्वी और मध्य भागों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से विनाशकारी हवाएं चल सकती हैं. मध्य भाग के बाकी जिलों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती है.
- 20 मई: हजारीबाग, कोडरमा, रामगढ़, बोकारो, धनबाद, रांची, खूंटी, सरायकेला-खरसावां और पूर्वी सिंहभूम में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी और वज्रपात का ऑरेंज अलर्ट है. बाकी मध्य व दक्षिणी हिस्सों में रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे रहने की संभावना है.
- 21 से 23 मई: इन तीन दिनों में भी राहत की उम्मीद नहीं है. उत्तर-पश्चिमी झारखंड को छोड़कर पूरे राज्य में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और वज्रपात की आशंका बनी रहेगी.
Read Also: हुसैनाबाद महिला एवं बाल संरक्षण थाना प्रभारी के रूप में मुन्नी कुमारी ने संभाला पदभार
