Chakardharpur : पश्चिम सिंहभूम जिले की प्रसिद्ध टेबो घाटी के जंगलों में भीषण गर्मी का असर अब वन्यजीवों पर भी दिखाई देने लगा है. भोजन और पानी की कमी के कारण जंगली जानवर जंगलों से निकलकर गांवों की ओर आने लगे हैं. इससे ग्रामीणों के बीच चिंता का माहौल बन गया है.
कराईकेला में पहुंचे भटके हुए दो हनुमान
पिछले दो-तीन दिनों से जंगल से भटककर दो हनुमान कराईकेला क्षेत्र में पहुंच गए है. स्थानीय लोग उसे भोजन और पानी उपलब्ध करा रहे हैं. हनुमान घरों तक पहुंचकर लोगों से भोजन ले रहा है, जिससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि जंगलों में वन्यजीवों को पर्याप्त भोजन और पानी नहीं मिल पा रहा है.

ALSO RAED : वेतन संकट से जूझ रहे रिम्सकर्मी, भुगतान की मांग को लेकर वित्त निदेशक कार्यालय का किया घेराव
ग्रामीणों ने वन विभाग से की व्यवस्था की मांग
ग्रामीणों का कहना है कि यदि जंगलों में जल और भोजन की समुचित व्यवस्था नहीं की गई, तो अन्य जंगली जानवर भी आबादी वाले क्षेत्रों की ओर रुख कर सकते हैं. लोगों ने वन विभाग से जंगलों में वन्यजीवों के लिए पर्याप्त जलस्रोत और भोजन की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है.
मानव-वन्यजीव संघर्ष की आशंका
समाजसेवी अवनि कुमार महतो ने कहा कि भीषण गर्मी के कारण जंगलों के प्राकृतिक जलस्रोत सूखते जा रहे हैं, जिससे वन्यजीव गांवों की ओर आने को मजबूर हो रहे हैं. उन्होंने वन विभाग से कृत्रिम जलस्रोत, पानी की टंकियां और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की. उन्होंने कहा कि वन्यजीवों और ग्रामीणों दोनों की सुरक्षा के लिए समय रहते प्रभावी कदम उठाना जरूरी है, अन्यथा मानव-वन्यजीव संघर्ष की स्थिति उत्पन्न हो सकती है.
ALSO RAED : बीएलए-2 सदस्यों के प्रशिक्षण एवं बूथ कमेटी गठन को लेकर झामुमो की बैठक 31 को
