Chaibasa : राष्ट्रीय सूड़ी समाज झारखंड प्रदेश कमिटी ने संगठन विस्तार एवं समाजहित में किए जा रहे कार्यों को देखते हुए अशोक कुमार मंडल को बोकारो जिला अध्यक्ष नियुक्त किया है. इस संबंध में प्रदेश अध्यक्ष रविंद्र मंडल द्वारा नियुक्ति पत्र जारी किया गया. जारी नियुक्ति पत्र के अनुसार अशोक कुमार मंडल, पिता स्वर्गीय राज मोहन मंडल, ग्राम बंधडीह, कामनिबाड़ी, जरीडीह (बोकारो) को संगठन के प्रति उनकी निष्ठा, सक्रियता एवं नेतृत्व क्षमता को देखते हुए यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है. जिला अध्यक्ष के रूप में उन्हें बोकारो जिले में प्रखंड एवं पंचायत स्तर तक संगठन का विस्तार करने, युवाओं, महिलाओं एवं बुजुर्गों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने तथा सामाजिक कुरीतियों को दूर कर शिक्षा, सामाजिक जागरूकता एवं आर्थिक उत्थान के कार्यक्रमों को आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी दी गई है.
समाज की उन्नति और एकता के लिए करेंगे काम : अशोक कुमार मंडल
नियुक्ति के बाद अशोक कुमार मंडल ने प्रदेश नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि राष्ट्रीय सूड़ी समाज झारखंड प्रदेश कमिटी ने जिस विश्वास और उम्मीद के साथ उन्हें बोकारो जिला का दायित्व सौंपा है, उस पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करेंगे. उन्होंने कहा कि समाज की उन्नति, प्रगति, विकास, संगठन की मजबूती एवं सामाजिक उत्थान के लिए वे सदैव समर्पित रहेंगे. इस अवसर पर उन्होंने राष्ट्रीय सूड़ी समाज के संस्थापक रणवीर भारतीय, प्रदेश अध्यक्ष रविंद्र मंडल तथा सभी पदाधिकारियों एवं समाज के प्रबुद्धजनों के प्रति धन्यवाद एवं आभार व्यक्त किया. मौके पर प्रदेश अध्यक्ष रविंद्र मंडल ने कहा कि अशोक कुमार मंडल लंबे समय से समाजहित में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं. उनकी कार्यशैली, संगठन क्षमता एवं समाज के प्रति समर्पण को देखते हुए उन्हें यह जिम्मेदारी सौंपी गई है. उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि उनके नेतृत्व में बोकारो जिले में संगठन और अधिक मजबूत होगा तथा समाज के विकास, शिक्षा, सामाजिक एकता एवं जनजागरूकता के क्षेत्र में सकारात्मक कार्य होंगे. उपस्थित लोगों ने “राष्ट्रीय सूड़ी समाज जिंदाबाद” एवं “सूड़ी समाज एकता जिंदाबाद” के नारों के साथ नव नियुक्त जिला अध्यक्ष को शुभकामनाएं दीं.

