Simdega: सिमडेगा जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है. पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर टी.टांगर थाना क्षेत्र में विशेष छापेमारी अभियान चलाकर कुल 8.565 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया. कार्रवाई के दौरान दो गांजा तस्करों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया, जबकि मुख्य आरोपी राजू राय अब भी फरार है. उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है.

अलग-अलग जगहों से बरामद हुआ गांजा
एसडीपीओ धर्मदेव पासवान ने प्रेस को जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस को क्षेत्र में अवैध गांजा कारोबार की गुप्त सूचना मिली थी. इसके बाद टीम गठित कर अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी की गई. इस दौरान सियादोहर कोनमेंजरा से 2 किलोग्राम और रथ मोड़ तामड़ा से 6.495 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया.
ओडिशा से लाकर बेचते थे गांजा
पुलिस ने मौके से बिनय बिरेंद्र कुल्लू और दीपक सोरेंग को गिरफ्तार किया. पूछताछ में दोनों आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे ओडिशा से गांजा लाकर सिमडेगा क्षेत्र में छोटे-छोटे पुड़िया बनाकर बेचते थे. कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से एक एक्टिवा स्कूटी, दो इलेक्ट्रॉनिक तराजू और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं. मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है.
Read Also: चाईबासा : मंगल बाजार बदहाली का प्रतीक, सफाई के नाम पर मिलती है तारीख
फरार आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
मुख्य आरोपी राजू राय समेत अन्य संलिप्त लोगों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार अभियान चला रही है. पुलिस अधिकारियों ने कहा कि जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी.
