-
सेनेटरी सुपरवाइजर में कुल 47 सफल अभ्यर्थियों में से 46 जनरल कैटेगरी से, राजस्व निरीक्षक के दो पदों का परिणाम अभी भी होल्ड पर
Ranchi: झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (जेएसएसी) ने ‘झारखंड नगरपालिका सेवा संवर्ग संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा-2023’ (विज्ञापन संख्या-07/2023) के तहत सेनेटरी सुपरवाइजर और राजस्व निरीक्षक के पदों का कट-ऑफ मार्क्स (अंतिम चयनित अभ्यर्थियों के प्राप्तांक) और मेधाक्रमानुसार लंबित परीक्षाफल जारी कर दिया है. आयोग के परीक्षा नियंत्रक द्वारा 9 जून को जारी इस अधिसूचना में जहां एक तरफ अंतिम चयनितों की जन्मतिथि और प्राप्तांक सार्वजनिक किए गए हैं, वहीं दूसरी तरफ कुछ रोल नंबरों की आरक्षण कोटि में बड़ा संशोधन भी किया गया है. इस परीक्षा परिणाम में सबसे चौंकाने वाली बात सेनेटरी सुपरवाइजर के पद पर देखने को मिली है, जहां मेधा सूची में योग्य और अर्हताधारी अभ्यर्थियों की भारी कमी पाई गई है.
यह भी पढ़ें: मानसून से पहले मिशन मोड में बिजली विभाग, लापरवाही पर नपेंगे अफसर, 10 दिनों का अल्टीमेटम

सेनेटरी सुपरवाइजर: 47 में से 46 सामान्य वर्ग से, योग्य अभ्यर्थी ही नहीं मिले
आयोग द्वारा दी गई आधिकारिक रिजल्ट के अनुसार, सेनेटरी सुपरवाइजर पद के लिए मेधासूची में कुल रिक्ति के सापेक्ष योग्य अभ्यर्थी पर्याप्त संख्या में उपलब्ध नहीं हो सके. इसके फलस्वरूप कुल सफल हुए 47 अभ्यर्थियों में से 46 अभ्यर्थियों का परीक्षाफल अनारक्षित (जनरल) कोटि में और महज 01 अभ्यर्थी का परीक्षाफल अत्यंत पिछड़ा वर्ग (अनुसूची-1) कोटि में प्रकाशित किया गया है. इस पद के लिए अनारक्षित कोटि में पुरुषों का अंतिम कट-ऑफ 300 (जन्मतिथि 04.02.1985) और महिलाओं का कट-ऑफ 269 (जन्मतिथि 01.03.2000) रहा है. वहीं अत्यंत पिछड़ा वर्ग (EBC-I) का कट-ऑफ 278 रहा है.
यह भी पढ़ें: सीसीएल में नौकरी दिलाने का झांसा देकर 2 लाख की ठगी, फर्जी ज्वाइनिंग लेटर भेजकर कराई ट्रेनिंग
राजस्व निरीक्षक के दो परिणाम लंबित, कट-ऑफ में होगा बदलाव
राजस्व निरीक्षक पद के अंतर्गत अनुसूचित जाति (एससी) कोटि के दो अभ्यर्थियों के शैक्षणिक व प्रशैक्षणिक प्रमाण पत्रों को लेकर पेंच फंस गया है. विज्ञापन की शर्तों के अनुरूप प्रमाण पत्र होने की स्पष्टता के संदर्भ में अभी तक विभागीय मार्गदर्शन प्राप्त नहीं हुआ है, साथ ही न्यायालय द्वारा पारित अंतरिम न्यायादेश के आलोक में इस कोटि के कुल 02 पदों का परीक्षाफल फिलहाल लंबित (होल्ड) रखा गया है. आयोग ने स्पष्ट किया है कि इस लंबित परीक्षाफल के अंतिम प्रकाशन के बाद अनुसूचित जाति कोटि के अंतिम चयनित अभ्यर्थी के प्राप्तांक (कट-ऑफ) में बदलाव होना निश्चित है.
