Palamu: पलामू में मादक पदार्थों (Narcotic Drugs) की तस्करी और नशे के कारोबार के खिलाफ पलामू पुलिस ने कमर कस ली है. पुलिस अधीक्षक (SP) कपिल चौधरी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि जिले में ‘ऑपरेशन प्रहार’ चलाया जा रहा है, जिसका मुख्य उद्देश्य नशे के अवैध धंधे में संलिप्त छोटे-बड़े सभी तस्करों को चिह्नित कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करना है. उन्होंने साफ किया कि नशे के कारोबार को पूरी तरह से ध्वस्त करने के लिए पुलिस लगातार प्रयासरत है. इसी अभियान के तहत पिछले दो दिनों के भीतर जिले के तीन अलग-अलग थानों में मामले दर्ज किए गए हैं. पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से नशीले पदार्थों के तस्करों में हड़कंप मच गया है.
तीन थानों में कार्रवाई, तीन आरोपी गिरफ्तार
पुलिस अधीक्षक के अनुसार, पाटन, शहर और चैनपुर थाना क्षेत्रों में अलग-अलग छापेमारी की गई. पाटन थाना क्षेत्र में पुलिस ने 21 किलोग्राम गांजा जब्त किया है और इस मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है. वहीं, शहर थाना क्षेत्र से भी 90 ग्राम गांजा बरामद करते हुए एक आरोपी को दबोचा गया है. इसके अलावा, चैनपुर थाना पुलिस ने हेरोइन (Heroin) की 5 से 6 पुड़िया के साथ एक अन्य धंधेबाज को गिरफ्तार किया है.

Also Read: पलामू: क्षतिग्रस्त मलय डैम नहर से सिंचाई संकट, किसानों ने कांग्रेस प्रदेश प्रभारी से लगाई गुहार
आम जनता से सहयोग की अपील
पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी ने मीडिया के माध्यम से आम नागरिकों से अपील की है कि वे इस अभियान में पुलिस का सहयोग करें. यदि किसी भी क्षेत्र में नशीले पदार्थों की बिक्री या तस्करी की जानकारी मिलती है, तो इसकी सूचना तुरंत आपातकालीन नंबर 112 पर दें. इसके अलावा लोग थाने में गुप्त चिट्ठी या किसी अन्य माध्यम से भी जानकारी साझा कर सकते हैं. पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी और प्राप्त जानकारी का सत्यापन कर दोषियों पर 100 प्रतिशत सख्त कार्रवाई की जाएगी.


