Simdega : ठेठईटांगर और बांसजोर प्रखंड के बीच स्थित केरिया घाटी में बुधवार को एक मालवाहक ट्रक में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई. ट्रक में आग की लपटें उठती देख आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे. जहां ग्रामीणों ने दमकल विभाग और पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलते ही ठेठईटांगर थाना पुलिस और दमकल की टीम घटनास्थल पर पहुंची और आग बुझाने में जुट गई. घटना की जानकारी मिलते ही सांसद प्रतिनिधि अमित डुंगडुंग और ठेठईटांगर प्रखंड प्रमुख बिपिन पंकज मिंज भी मौके पर पहुंचे. दोनों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और राहत एवं बचाव कार्य का जायजा लेते हुए दमकल कर्मियों और पुलिस को सहयोग किया. काफी मशक्कत के बाद दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पा लिया. जिससे आसपास के क्षेत्र में आग फैलने से रोक दिया गया.
चालक और उपचालक सुरक्षित
इस घटना में सबसे राहत की बात यह रही कि ट्रक चालक और उपचालक समय रहते वाहन से सुरक्षित बाहर निकल गए. जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई. हालांकि आग की चपेट में आने से ट्रक पर लदे सीमेंट के कई बोरे और तिरपाल पूरी तरह जल गए. आग बुझाने के दौरान सीमेंट भी पानी से भीगकर खराब हो गया. जिससे वाहन मालिक को भारी आर्थिक नुकसान हुआ.
आग लगने के कारणों की हो रही जांच
पुलिस के अनुसार आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है. प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है, हालांकि वास्तविक कारण जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा. ग्रामीणों की तत्परता और दमकल विभाग की सक्रियता से एक बड़ा हादसा टल गया.
ALSO READ : सरायकेला : गम्हरिया स्टेशन के पास होटल संचालक पर ताबड़तोड़ फायरिंग, इलाके में दहशत
