Hazaribag: शहर के सबसे व्यस्त और पॉश इलाके आनंदा चौक एवं नगर भवन के समीप स्थित नगर निगम मार्केट बदहाली की तस्वीर पेश कर रहा है. करीब 25 वर्ष पुराने इस दो मंजिला मार्केट की हालत इतनी जर्जर हो चुकी है कि यहां हर समय हादसे का डर बना रहता है. मार्केट परिसर में गंदगी, टूटती छत और अव्यवस्थित व्यवस्था से दुकानदारों में भारी नाराजगी है.
टैक्स समय पर बावजूद सुविधा शून्य
मार्केट में व्यवसाय कर रहे दुकानदारों ने बताया कि नगर निगम द्वारा नियमित रूप से टैक्स की वसूली की जाती है, लेकिन सुविधा के नाम पर कुछ भी नहीं दिया जा रहा है. वर्षों से भवन की मरम्मत नहीं कराई गई है. बारिश के दिनों में छत और दीवारों से पत्थर टूटकर गिरते हैं, जिससे हमेशा दुर्घटना की आशंका बनी रहती है. करीब 60 से 70 दुकानों वाले इस परिसर में दुकानदार और ग्राहक भय के माहौल में आने-जाने को मजबूर हैं.

Read Also: सोना खरीदने से रोकने की अपील पर भड़का स्वर्णकार समाज, आंदोलन का बजा बिगुल
मुख्य द्वार पर कचरों का अंबार
मुख्य द्वार और परिसर के आसपास कचरे का अंबार लगा रहता है. दुकानदारों का आरोप है कि आसपास के कुछ निजी अस्पताल, दवा दुकानें और अन्य व्यावसायिक संस्थान अपना कचरा यहां फेंक देते हैं. नियमित सफाई नहीं होने के कारण पूरे परिसर में दुर्गंध फैली रहती है, जिससे संक्रमण और बीमारियों का खतरा बढ़ गया है. मार्केट परिसर में शौचालय की स्थिति भी बेहद खराब है. गंदगी के कारण लोग उसका उपयोग करने से बचते हैं. दुकानदारों ने बताया कि कई बार नगर निगम अधिकारियों को समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं हुई.
मरम्मत की मांग
दुकानदारों ने नगर निगम प्रशासन से जल्द भवन की मरम्मत कराने, नियमित सफाई व्यवस्था लागू करने, शौचालय को दुरुस्त करने तथा बाहरी संस्थानों द्वारा फेंके जा रहे कचरे पर रोक लगाने की मांग की है. उनका कहना है कि यदि समय रहते ध्यान नहीं दिया गया तो यहां कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है.
Read Also: तेज रफ्तार टैंकर ने ली युवक की जान, बाइक सवार की मौके पर मौत
