Sahebganj : जिले में डीएपी, यूरिया एवं अन्य उर्वरकों की कालाबाजारी पर रोक लगाने के लिए शनिवार को प्रशासनिक अधिकारियों ने विभिन्न खाद दुकानों का औचक निरीक्षण किया. निरीक्षण टीम में एसडीओ अमर जॉन, जिला कृषि पदाधिकारी (DA0) प्रमोद एक्का और बीडीओ अंशु कुमार पांडे शामिल थे.
कई प्रखंडों की खाद दुकानों की हुई जांच
अधिकारियों ने बरहेट, बरहरवा, उधवा, मंडरो समेत अन्य प्रखंडों की कई खाद दुकानों का निरीक्षण किया. इस दौरान दुकानों में उपलब्ध खाद के स्टॉक, वितरण व्यवस्था और अभिलेखों की जांच की गई. अधिकारियों ने खाद की उपलब्धता और किसानों को वितरण की प्रक्रिया की जानकारी भी ली.

ई-पॉस मशीन और स्टॉक मिलान का निर्देश
निरीक्षण के दौरान एसडीओ ने सभी खाद विक्रेताओं को ई-पॉस मशीन में दर्ज स्टॉक का भौतिक स्टॉक से मिलान करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी विक्रेताओं को निर्धारित नियमों का पालन करना होगा.
ALSO READ : भोजन और पानी की तलाश में गांव पहुंच रहे जंगली जानवर, ग्रामीणों में बढ़ी चिंता
कालाबाजारी पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी
एसडीओ ने खाद विक्रेताओं को किसानों को निर्धारित मूल्य पर गुणवत्तापूर्ण उर्वरक उपलब्ध कराने का निर्देश दिया. उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि कालाबाजारी या अनियमितता पाए जाने पर संबंधित विक्रेताओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.
दुकानों के बाहर दर सूची लगाने का निर्देश
अधिकारियों ने खाद एवं बीज की दर सूची दुकानों के बाहर प्रदर्शित करने का निर्देश भी दिया, ताकि किसानों को निर्धारित कीमतों की जानकारी मिल सके. निरीक्षण के दौरान स्थानीय दुकानदार और संबंधित अधिकारी भी मौजूद रहे.
