प्रसूता मौत मामले पर BJP का प्रशासन पर हमला, 31 जुलाई को 50 हजार कार्यकर्ताओं के साथ जामताड़ा घेराव का ऐलान

Jamtara: जिले के बुधुडीह स्थित भाजपा जिला कार्यालय में पूर्व सांसद सुनील सोरेन एवं भाजपा जिला कमिटी द्वारा एक प्रेस वार्ता का...

प्रसूता मौत मामले में भाजपा का जिला प्रशासन पर हमला
प्रसूता मौत मामले में भाजपा का जिला प्रशासन पर हमला

Jamtara: जिले के बुधुडीह स्थित भाजपा जिला कार्यालय में पूर्व सांसद सुनील सोरेन एवं भाजपा जिला कमिटी द्वारा एक प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया. इसमें पूर्व कृषि मंत्री बाटुल झा, पूर्व नाला विधानसभा भाजपा प्रत्याशी माधव चंद्र महतो समेत कई नेता मौजूद रहे.

जिला प्रशासन पर पक्षपात का आरोप

पूर्व सांसद सुनील सोरेन ने प्रेस को संबोधित करते हुए कहा कि मृतक प्रसूता महिला रीना देवी के मामले में न्याय के हक और अधिकार के लिए भाजपा ने लड़ाई लड़ी, लेकिन जिला प्रशासन ने मंत्री के दबाव में आकर हमारे कार्यकर्ताओं पर झूठी FIR दर्ज करवा दी. उन्होंने आरोप लगाया कि जिला प्रशासन पक्षपातपूर्ण रवैया अपना रहा है और मंत्री के दबाव में काम कर रहा है. उन्होंने सवाल उठाया कि मृतक प्रसूता महिला की मौत मामले में लापरवाही बरतने वाले डॉक्टरों और स्वास्थ्य कर्मियों के विरुद्ध अब तक मामला दर्ज क्यों नहीं हुआ.

नारायणपुर अस्पताल का भी उठाया मुद्दा

पूर्व सांसद ने कहा कि नारायणपुर अस्पताल में कुछ विशेष समुदाय के लोगों द्वारा डॉक्टर के साथ अभद्र व्यवहार और मारपीट की घटना हुई थी. ऐसे लोगों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध FIR क्यों दर्ज नहीं की गई.

31 जुलाई को 50 हजार कार्यकर्ताओं के साथ घेराव

सुनील सोरेन ने कहा कि झारखंड प्रदेश भाजपा ने निर्णय लिया है कि 31 जुलाई को पूरे संथाल परगना से लगभग 50 हजार भाजपा कार्यकर्ता जामताड़ा जिला मुख्यालय का घेराव करेंगे और जिला प्रशासन तथा झारखंड सरकार के विरुद्ध प्रदर्शन करेंगे.

उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, चंपई सोरेन, अर्जुन मुंडा, पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास समेत भाजपा के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहेंगे. उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा जिस प्रकार पक्षपातपूर्ण कार्रवाई की गई है, उसके विरोध में यह प्रदर्शन किया जाएगा.

Also Read: जेपीएससी मेंस परीक्षा अगले आदेश तक स्थगित, आयोग ने जारी किया आदेश

माधव चंद्र महतो ने सरकार और पुलिस पर साधा निशाना

प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए भाजपा नेता माधव चंद्र महतो ने कहा कि संथाल परगना समेत धनबाद और गिरिडीह से 50 हजार भाजपा कार्यकर्ता जामताड़ा जिला मुख्यालय का घेराव करेंगे. उन्होंने आरोप लगाया कि जामताड़ा पुलिस मंत्री इरफान अंसारी के दबाव में काम कर रही है. हमने स्पष्ट कहा था कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर कार्रवाई कीजिए. यदि भाजपा कार्यकर्ता तोड़फोड़ करते दिखाई देते हैं तो निश्चित रूप से कार्रवाई कीजिए, लेकिन मंत्री के दबाव में हमारे लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन किया जा रहा है.

उन्होंने जामताड़ा जिले की हालिया घटनाओं का उल्लेख करते हुए मंत्री इरफान अंसारी पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि मंत्री के कार्यकर्ताओं द्वारा जिला प्रशासन के कार्य में बाधा डालने पर कोई कार्रवाई नहीं होती. उन्होंने फतेहपुर सड़क दुर्घटना में कोल समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष उमानाथ कोल की मौत तथा एंबुलेंस देर से पहुंचने का भी उल्लेख किया. इसके अलावा सर्पदंश से लगातार हो रही मौतों का मुद्दा भी उठाया.

बाटुल झा ने भी उठाए सवाल

पूर्व मंत्री बाटुल झा ने कहा कि एक प्रसूता महिला समेत जच्चा-बच्चा की मौत हो जाती है, तो क्या हमें पीड़ित परिवार का हाल-चाल जानने का संवैधानिक अधिकार नहीं है. क्या हमें यह पूछने का अधिकार नहीं है कि प्रसूता महिला पांच घंटे अस्पताल में भर्ती रही, तो उसका क्या उपचार किया गया. भाजपा जिला समिति के आठ लोगों पर मामला दर्ज कर हमारी आवाज दबाने की कोशिश की जा रही है, लेकिन हम चुप रहने वाले नहीं हैं. आने वाले समय में इसका मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा. प्रेस वार्ता के दौरान भाजपा जिला के कई नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे.

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *