Bokaro: भीख मांगने के बहाने घरों में जाकर मोबाइल चोरी करने वाली एक महिला को सेक्टर-12 थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है. पुलिस ने आरोपी महिला के पास से चोरी किए गए तीन मोबाइल फोन बरामद कर लिए हैं. गिरफ्तार महिला को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.
दो घरों से चोरी किए थे तीन मोबाइल
जानकारी के अनुसार, 16 जुलाई को उकरीद बस्ती निवासी तसलीम जुनैदी अंसारी के घर से Google Pixel-6 Pro मोबाइल चोरी हो गया था. वहीं, उनके पड़ोसी तब्बसुम परवीन के घर से Realme 12X और Vivo T2 5G मोबाइल चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई गई थी.मामले में पुलिस ने सेक्टर-12 थाना कांड संख्या 81/2026 के तहत धारा-303(2) बीएनएस के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की थी.
बोकारो रेलवे स्टेशन के पास से हुई गिरफ्तारी
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित टीम ने बोकारो रेलवे स्टेशन क्षेत्र में फुटपाथ पर रहने वाली भीख मांगने वाली महिलाओं से पूछताछ और छापेमारी की. इसी दौरान पुलिस ने रूपा देवी (28 वर्ष), पति विश्वकर्मा चौधरी, निवासी डिहरी मनी नगर, रोहतास (बिहार) को पकड़ा. तलाशी के दौरान उसके पास से चोरी किए गए तीनों मोबाइल फोन बरामद किए गए. पुलिस ने मोबाइल जब्त कर आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया.
पुलिस टीम ने की कार्रवाई
छापेमारी टीम में थाना प्रभारी सुभाष चंद्र सिंह, सअनि सुकलाल हांसदा, मिथलेश दुबे, इंदर कुमार पासवान सहित महिला आरक्षी रंजू कुमारी और अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे. पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की जांच जारी है.
ALSO READ: रांची: ‘छात्रों की गूंज’ अभियान के तहत कांग्रेस का प्रदर्शन, पेपर लीक पर केंद्र सरकार को घेरा
