Bokaro: बेसहारा हुए तीन मासूमों के साथ जिला प्रशासन खड़ा हुआ है. डीसी-एसपी और विधायक मासूम बच्चों से मिले. बता दें कि चंदनकियारी प्रखंड अंतर्गत बरमसिया ओपी क्षेत्र के दुबेकाटा के समीप सड़क दुर्घटना में उनके माता-पिता की मौत हो गई थी. चंदनकियारी विधायक उमाकांत रजक, डीसी अजय नाथ झा, एसपी नाथू सिंह मीना, एसडीओ चास प्रांजल ढांडा, जिला परिवहन पदाधिकारी मारुति मिंज ने बच्चों को ढांढस बंधाते हुए हरसंभव सहयोग एवं संरक्षण का भरोसा दिला. माता-पिता के असमय निधन के बाद तीन छोटे बच्चे पल्लवी, विमल मांझी एवं विद्युत मांझी के सामने बड़ा संकट खड़ा हो गया है.

यह भी पढ़ें: रांची में शादी समारोह से चोरी करने वाला अंतरराज्यीय आरोपी गिरफ्तार, 16 लाख के गहने बरामद
डीसी ने सभी सरकारी सहायता मुहैया कराने का दिया निर्देश
उपायुक्त ने उपस्थित अनुमंडल पदाधिकारी को किसी गैर सरकारी संस्था (एनजीओ) को चिन्हित कर बच्चों की काउंसलिंग, मानसिक स्वास्थ्य देखभाल, पठन-पाठन के लिए कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय एवं जवाहर नवोदय तेनुघाट/आवासीय विद्यालय नावाडीह में नामांकन, सुरक्षा एवं समग्र कल्याण को लेकर विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने का निर्देश दिया. उपायुक्त अजय नाथ झा ने मौके पर उपस्थित प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं पंचायत सेवक को बच्चों को खाद्यान्न अथवा अन्य मूलभूत जरूरतों में किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो, यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. साथ ही, माता-पिता का मृत्यु प्रमाण पत्र, बच्चों का स्थानीय निवास प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र सहित अन्य आवश्यक दस्तावेज जल्द बनाने का निर्देश दिया.
यह भी पढ़ें: जनगणना-2027 को लेकर प्रशासन अलर्ट, अपर नगर आयुक्त ने किया घर-घर सर्वे का निरीक्षण
बच्चों का बैंक खाता खोलने का निर्देश
उन्होंने बच्चों का बैंक खाता खोलने एवं बैंक खातों में मिलने वाली सभी आर्थिक सहायता राशि को उनके बेहतर भविष्य के लिए सुरक्षित रखने, आवश्यकतानुसार फिक्स डिपॉजिट के रूप में संरक्षित करने की दिशा में कार्रवाई के लिए पहल करने को कहा. साथ ही अबुआ आवास/प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास स्वीकृति के लिए प्रस्ताव जिला स्तर पर भेजने का निर्देश दिया गया.
