Lohardaga: लोहरदगा के नया नगर भवन में सोमवार को झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) की ओर से जिला स्तरीय बूथ सम्मेलन सह कार्यकर्ता महासम्मेलन का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में पार्टी के केंद्रीय महासचिव विनोद कुमार पांडे मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए. सम्मेलन में पार्टी पदाधिकारियों, बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं और समर्थकों की बड़ी भागीदारी देखने को मिली.

कार्यक्रम स्थल पर केंद्रीय महासचिव के पहुंचते ही कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला. जिला अध्यक्ष मुजम्मिल अहमद समेत अन्य नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया. पारंपरिक तरीके से माला पहनाकर अभिनंदन किया गया और कार्यकर्ताओं ने पार्टी के समर्थन में जमकर नारेबाजी की.
सम्मेलन के दौरान संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने, कार्यकर्ताओं की सक्रियता बढ़ाने और आगामी राजनीतिक रणनीतियों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई. साथ ही वर्तमान में चल रही जनगणना प्रक्रिया और संभावित एसआईआर (स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन) को लेकर भी कार्यकर्ताओं को जरूरी जानकारी दी गई. नेताओं ने कार्यकर्ताओं से अपने-अपने क्षेत्रों में लोगों तक सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को पहुंचाने की अपील की.
केंद्रीय महासचिव विनोद कुमार पांडे ने कहा…
सम्मेलन को संबोधित करते हुए केंद्रीय महासचिव विनोद कुमार पांडे ने कहा कि झारखंड में झामुमो सरकार का नेतृत्व कर रही है और राज्य की सबसे बड़ी राजनीतिक ताकत के रूप में पार्टी की जिम्मेदारियां भी बढ़ गई हैं. उन्होंने कहा कि बूथ स्तर के कार्यकर्ता ही संगठन की असली ताकत होते हैं और पार्टी की मजबूती बूथ से तय होती है.
“इस राज्य में झारखंड मुक्ति मोर्चा सरकार का नेतृत्व कर रही है. झारखंड मुक्ति मोर्चा इस राज्य में बड़ी पार्टी के रूप में है. हमारी जिम्मेदारी और दायित्व सबसे ज्यादा है. हमें संगठन को और मजबूत करना है और जनता के बीच सरकार की उपलब्धियों को पहुंचाना है.”
वहीं राज्यसभा चुनाव को लेकर पूछे गए सवाल पर विनोद कुमार पांडे ने कहा कि इस मुद्दे पर गठबंधन दलों के साथ चर्चा कर निर्णय लिया जाएगा. उन्होंने कहा कि प्रत्याशी का चयन आपसी सहमति से होगा और जो भी उम्मीदवार मैदान में उतरेगा, वह गठबंधन का साझा प्रत्याशी होगा. उन्होंने कहा कि गठबंधन पूरी मजबूती के साथ चुनाव लड़ेगा और राज्यहित को ध्यान में रखते हुए सामूहिक निर्णय लिया जाएगा. उनके इस बयान के बाद राज्यसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है.
सम्मेलन के दौरान नेताओं ने कार्यकर्ताओं से आगामी चुनावों और संगठनात्मक गतिविधियों को गंभीरता से लेने की अपील की. जिला अध्यक्ष मुजम्मिल अहमद ने कहा कि लोहरदगा में संगठन को और मजबूत करने के लिए बूथ स्तर पर लगातार कार्यक्रम चलाए जाएंगे. कार्यक्रम के अंत में कार्यकर्ताओं ने पार्टी की नीतियों और संगठन को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया. संगठनात्मक दृष्टिकोण से इस सम्मेलन को काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है, जहां बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं को आगामी राजनीतिक चुनौतियों के लिए तैयार करने पर जोर दिया गया.
ALSO READ: अंगूर: सेहत और खूबसूरती का मीठा खजाना
