Chakardhrpur:बंदगांव प्रखंड मुख्यालय से चुप्पी तोड़ो, स्वस्थ रहो अभियान के तहत जागरूकता रथ को प्रखंड विकास पदाधिकारी भीषम कुमार ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. यह रथ प्रखंड की सभी 13 पंचायतों के गांवों में भ्रमण कर लोगों को स्वास्थ्य संबंधी विभिन्न विषयों पर जागरूक करेगा. अभियान के माध्यम से महिलाओं, किशोरियों एवं ग्रामीणों को स्वास्थ्य, स्वच्छता, पोषण, एनीमिया, मासिक धर्म स्वच्छता तथा अन्य स्वास्थ्य संबंधी मुद्दों पर जानकारी दी जाएगी. साथ ही लोगों को स्वास्थ्य समस्याओं को छिपाने के बजाय समय पर जांच एवं उपचार कराने के लिए प्रेरित किया जाएगा.

स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना लक्ष्य
इस अवसर पर बीडीओ भीषम कुमार ने कहा कि चुप्पी तोड़ो, स्वस्थ रहो अभियान का उद्देश्य लोगों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना है. कई बार जानकारी के अभाव और सामाजिक संकोच के कारण लोग अपनी स्वास्थ्य समस्याओं को साझा नहीं करते, जिससे गंभीर परेशानियां उत्पन्न हो जाती हैं. यह जागरूकता रथ गांव-गांव जाकर लोगों को स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां देगा और उन्हें स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करेगा. स्वस्थ एवं जागरूक समाज के निर्माण के लिए इस प्रकार के अभियान अत्यंत आवश्यक हैं.
स्वास्थ्य सेवाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना
उन्होंने कहा कि प्रशासन स्वास्थ्य सेवाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने और लोगों को जागरूक करने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है. अभियान के दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीम भी विभिन्न पंचायतों में जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित करेगी. इस मौके पर प्रखंड सांख्यकी पदाधिकारी सदानंद होता, राजेश पहाड़िया, पवन कुमार,विजय जोंकों, राजू कुमार समेत सभी ब्लॉक कर्मी ,अंचल कर्मी ,सभी पंचायत सेवक,जनसेवक ,जल सहिया उपस्थित थे.
AlsoRead:गिरिडीह को पर्यटन हब बनाने की तैयारी, विकास योजनाओं को मिली रफ्तार
