कोडरमा विधायक ने राज्यपाल-सीएम को लिखा पत्र, जिले के सभी महाविद्यालय को विभावि में ही रखने की मांग

Koderma: कोडरमा विधायक और राज्य की पूर्व शिक्षा मंत्री डॉ. नीरा यादव ने सोमवार को अपने आवास पर प्रेस वार्ता आयोजित कर...

Koderma MLA
प्रेस वार्ता करतीं विधायक व अन्य भाजपा नेता

Koderma: कोडरमा विधायक और राज्य की पूर्व शिक्षा मंत्री डॉ. नीरा यादव ने सोमवार को अपने आवास पर प्रेस वार्ता आयोजित कर राज्य सरकार से कोडरमा के सभी महाविद्यालयों को विनोबा भावे विश्वविद्यालय में ही रखने की मांग की है. उन्होंने बताया कि इस मामले में उन्होंने राज्यपाल, मुख्यमंत्री और शिक्षा सचिव को पत्र भी लिखा है. प्रेस वार्ता में विधायक ने आरोप लगाया कि कोडरमा में भाजपा की विधायक और सांसद निर्वाचित हैं, इसलिए साजिश कर जानबूझकर कोडरमा जिले को उपेक्षित रखा जा रहा है. उन्होंने कहा कि भाजपा के शासनकाल में कोडरमा जिले में तीन जगहों सतगावां, मरकच्चो और डोमचांच में डिग्री कॉलेज के भवन बने, परंतु पिछले 5 साल से पढ़ाई की कोई व्यवस्था नहीं की जा रही है.

अब तक इंजीनियरिंग कॉलेज में पढ़ाई की व्यवस्था नहीं

उन्होंने बताया कि कोडरमा जिला मुख्यालय से पॉलिटेक्निक कॉलेज को अन्यत्र स्थानांतरित कर दिया गया और यहां कोई विकल्प नहीं दिया गया. वहीं उनके शिक्षा मंत्री रहते कोडरमा में इंजीनियरिंग कॉलेज का शिलान्यास हुआ, भवन बनकर तैयार हो गया, परंतु 5 साल बीत जाने के बाद भी अब तक इंजीनियरिंग कॉलेज में पढ़ाई की व्यवस्था नहीं की जा सकी. यह राज्य सरकार की मंशा को दर्शाता है कि वह जानबूझकर कोडरमा को उपेक्षित रखना चाहती है. विधायक ने कहा कि कोडरमा का सबसे पुराना जगन्नाथ जैन कॉलेज और अन्य महाविद्यालयों को विनोबा भावे विश्वविद्यालय से हटाकर सर जेसी बोस विश्वविद्यालय गिरिडीह से संबद्धता दी जा रही है, जो किसी भी रूप में छात्र हित में नहीं है. पहले कोडरमा के महाविद्यालय रांची विश्वविद्यालय में थे, काफी दूरी होने कारण छात्रों को कठिनाई होती थी. इस कारण से विनोबा भावे विश्वविद्यालय की स्थापना हुई पर सरकार के नए निर्णय से फिर वही समस्या उत्पन्न हो जाएगी.

जानबूझकर यहां के लोगों को किया जा रहा परेशान

विधायक ने यह भी कहा कि यहां के व्यवसाय को प्रभावित करने के लिए क्रेशर और ढिबरा उद्योग को नष्ट किया जा रहा है. पिछले तीन चुनावों में राजद, झामुमो और कांग्रेस गठबंधन होने के बाद भी जीत नहीं हासिल करने के कारण गठबंधन को यह बात पच नहीं रही है और इसी कारण जानबूझकर यहां के लोगों को परेशान किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि जो लोग जनप्रतिनिधि होने के नाते विधायक और सांसद पर सवाल खड़े कर रहे हैं, उनको बताना चाहिए कि जब झामुमो सरकार झारखंड में पिछले 7 सालों से है और वे गठबंधन के हिस्सेदार हैं तब फिर उन्होंने कोडरमा के लिए, कोडरमा के छात्र-छात्राओं के लिए या यहां की समस्याओं के निदान के लिए क्या किया?

विधायक ने कहा कि राज्य में बड़े पैमाने पर घुसपैठ हो रही है, इसे रोकने के लिए राज्य सरकार कोई पहल नहीं कर रही है. यह काम कोडरमा जैसे जिले में भी शुरू हो गया है. जंगल को नष्ट कर अवैध तरीके से लोगों को बसाया जा रहा है, इसपर सरकार संज्ञान नहीं ले रही है. प्रेस वार्ता में भाजपा युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष राजेश कुमार सिंह और भाजपा नेता दिनेश सिंह भी मौजूद थे.

यह भी पढ़ें: साहेबगंज: जमीन विवाद के पंचायती में खूनी संघर्ष, भोगनाडीह के 17लोग घायल

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *