BERMO: बेरमो अनुमंडल के चंद्रपुरा, सीसीएल बोकारो-करगली, ढोरी तथा बोकारो थर्मल में सीआईएसएफ द्वारा अग्निशमन सेवा सप्ताह का आयोजन किया गया. इसी के तहत बोकारो थर्मल के सिक्स यूनिट स्थित सीआईएसएफ कैंप में मंगलवार को अग्निशमन सेवा सप्ताह का आयोजन किया गया.
कार्यक्रम का शुभारंभ बतौर मुख्य अतिथि डीवीसी के एचओपी सुशील कुमार अर्जरिया, विशिष्ट अतिथि जीएम (एचआर) ए.ए. कुजूर, सीआईएसएफ के डिप्टी कमांडेंट अरुण प्रसाद ई और वरीय प्रबंधक (सीएसआर) मनीष कुमार चौधरी द्वारा शहीद वेदी पर पुष्प अर्पित कर किया गया. इस दौरान अधिकारियों ने कर्तव्य की वेदी पर प्राण न्योछावर करने वाले शहीद अग्निशमन कर्मियों की शहादत को याद करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी.
अग्निशमन सेवा सप्ताह के महत्व पर प्रकाश
समारोह को संबोधित करते हुए सीआईएसएफ के डिप्टी कमांडेंट ने अग्निशमन सेवा सप्ताह के महत्व और इसके विभिन्न तकनीकी पहलुओं पर विस्तार से प्रकाश डाला. डीवीसी के एचओपी ने अपने संबोधन में सुरक्षा के प्रति सजगता पर विशेष जोर दिया. उन्होंने कहा कि आने वाले गर्मी के मौसम में आग लगने की घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है, ऐसे में डीवीसी कर्मियों और कॉलोनी वासियों को आग से होने वाले नुकसान के प्रति जागरूक करना अत्यंत आवश्यक है. उन्होंने इस संबंध में व्यापक जागरूकता अभियान चलाने और आग की रोकथाम के लिए हर स्तर पर मुस्तैदी बरतने का आह्वान किया, ताकि किसी भी प्रकार की जान-माल की हानि को रोका जा सके.
कार्यक्रम का संचालन और समापन
कार्यक्रम का संचालन फायर निरीक्षक अम्बरीष कुमार शर्मा ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन सीआईएसएफ फायर के सहायक समादेष्टा अरुण कुमार गिरी द्वारा दिया गया. इस अवसर पर मुख्य रूप से सीआईएसएफ फायर के अनि रंजीत कुमार, आशुतोष कुमार, राजीव कर्ण, सअनि एके सरकार, सुभाष के साथ-साथ डीवीसी के उप सुरक्षा अधिकारी पीके सिंह, सूरज कुमार तिवारी सहित सीआईएसएफ के तमाम अधिकारी और जवान उपस्थित थे.
इस आयोजन ने सभी को सुरक्षा मानकों का पालन करने और आपात स्थिति के लिए सदैव तत्पर रहने के संकल्प के साथ प्रेरित किया.
