Ranchi: झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने शिक्षाविद् और सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक की गिरफ्तारी को लेकर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है. प्रदेश कांग्रेस के मीडिया प्रभारी राकेश सिन्हा ने कहा कि शांतिपूर्ण आंदोलन कर रहे व्यक्ति की गिरफ्तारी लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है और यह केंद्र सरकार की दमनकारी सोच को दिखाती है. राकेश सिन्हा ने कहा कि सोनम वांगचुक छात्रों के अधिकारों और शिक्षा से जुड़े मुद्दों को लेकर पिछले 20 दिनों से आमरण अनशन पर बैठे थे. ऐसे में उनकी बात सुनने और समाधान निकालने के बजाय उन्हें गिरफ्तार करना गलत है. उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार संवाद करने के बजाय विरोध की आवाज को दबाने का काम कर रही है.
यह भी पढ़ें: भाजयुमो के JPSC आंदोलन पर कांग्रेस का पलटवार, कहा- ‘युवाओं को गुमराह करने की कोशिश’
देश में पेपर लीक, शिक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल: राकेश सिन्हा
कांग्रेस नेता ने कहा कि आज देश में पेपर लीक, शिक्षा व्यवस्था और युवाओं के भविष्य जैसे कई गंभीर सवाल हैं, लेकिन इन मुद्दों पर जवाब देने के बजाय आंदोलन करने वालों पर कार्रवाई की जा रही है. उनका आरोप है कि जो भी सरकार की नीतियों पर सवाल उठाता है, उसके खिलाफ पुलिस और सरकारी एजेंसियों का इस्तेमाल किया जाता है. राकेश सिन्हा ने कहा कि लोकतंत्र में हर नागरिक को शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखने का संवैधानिक अधिकार है. कांग्रेस इस गिरफ्तारी की कड़ी निंदा करती है और केंद्र सरकार से मांग करती है कि आंदोलनों को बलपूर्वक दबाने की नीति बंद करे तथा जनता की आवाज का सम्मान करे.
यह भी पढ़ें: सुबह हुआ विवाद, दोपहर में धारदार हथियार से काटकर युवक की कर दी हत्या
