बोकारो थर्मल में ट्रांसफार्मर से कॉपर केबल चोरी, कई कॉलोनियां अंधेरे में डूबीं

Bermo: बेरमो अनुमंडल के बोकारो थर्मल अंतर्गत हॉस्पिटल मोड़ स्थित डीवीसी के ट्रांसफार्मर से सोमवार की देर रात लगभग साढ़े बारह बजे...

Bokaro Thermal
केबल चोरी के बाद निरीक्षण करते डीवीसी के अधिकारी एवं मुखिया

Bermo: बेरमो अनुमंडल के बोकारो थर्मल अंतर्गत हॉस्पिटल मोड़ स्थित डीवीसी के ट्रांसफार्मर से सोमवार की देर रात लगभग साढ़े बारह बजे अज्ञात चोरों ने तीन फेज का कॉपर केबल काटकर चोरी कर लिया. इस घटना के बाद पुराना जीएमटी,एचएमटी,लेबर क्वार्टर और आसपास के रिहायशी इलाकों की बिजली आपूर्ति पूरी तरह से ठप हो गई. भीषण गर्मी के बीच पूरी रात कामगारों और स्थानीय लोगों को बिना बिजली के भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा.

पावर सप्लाई का ब्रेकर गिरा कॉपर केबल काट ले गए चोर

प्राप्त जानकारी के अनुसार, चोरों ने पहले बिजली की पावर लाइन को सीधे तौर पर ट्रिप करने का प्रयास किया, जिसमें विफलता मिलने के बाद उन्होंने चालाकी से पावर सप्लाई का ब्रेकर गिरा दिया. लाइन ट्रिप होते ही चोरों ने ट्रांसफार्मर से जुड़े तीनों फेज के लगभग चार मीटर कॉपर केबल को काटा और मौके से फरार हो गए. मंगलवार सुबह जब काफी देर तक बिजली नहीं आई, तो स्थानीय लोगों ने डीवीसी कॉलोनी सब-स्टेशन को मामले की सूचना दी. सूचना मिलते ही जब डीवीसी के अधिकारी और तकनीकी कर्मचारी फाल्ट खोजने पहुंचे, तो देखा कि ट्रांसफार्मर से कॉपर केबल गायब है.

मौके पर पहुंचे डीवीसी अधिकारी और पुलिस

घटना की गंभीरता को देखते हुए डीवीसी के जीएम (विद्युत) राजेश विश्वास, डीजीएम (विद्युत) सुरजीत सिंह, वरीय प्रबंधक संदीप भगत, भू-संपदाधिकारी सुरजीत सरकार, प्रबंधक गुंजन कुमार, अर्घा बसु आदि ने मौके पर पहुंचकर जांच की. वहीं, पुलिस की ओर से सअनि पंकज कुमार भारद्वाज और जन प्रतिनिधियों में सी पंचायत के मुखिया विकास सिंह व श्रवण सिंह ने भी घटनास्थल का जायजा लिया. विभागीय इंजीनियरों ने इसे पेशेवर चोरों का गिरोह बताया है और मामले की आधिकारिक शिकायत स्थानीय थाने में दर्ज करा दी गई है. फिलहाल विभाग द्वारा केबल मरम्मत का कार्य युद्धस्तर पर शुरू कर दिया गया है.

गौरतलब है कि क्षेत्र में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं. इससे पहले भी इसी ट्रांसफार्मर से दो बार केबल चोरी हो चुकी है, जबकि आईएसएलएस-थ्री में भी दो बार धावा बोलकर चोरों ने बैटरियों पर हाथ साफ किया था. बार-बार हो रही इन घटनाओं से स्थानीय कामगारों में सुरक्षा व्यवस्था एवं इससे बिजली कटने के कारण को लेकर गहरा आक्रोश है.

यह भी पढ़ें: बिना NOC सड़क किनारे बिछाई जा रही थी केबल, पीडब्ल्यूडी ने रुकवाया काम

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *