पलामू: पलामू जिले के विकास को नई दिशा देने के उद्देश्य से डालटनगंज के विधायक आलोक कुमार चौरसिया ने विधानसभा के वर्तमान सत्र के दौरान अपने क्षेत्र की एक महत्वपूर्ण और पुरानी मांग को सदन के पटल पर रखा. विधायक ने डालटनगंज और विश्रामपुर विधानसभा क्षेत्रों के बीच बेहतर कनेक्टिविटी सुनिश्चित करने के लिए कोयल नदी पर एक नए पुल के निर्माण का प्रस्ताव रखा.
लिधकी से गाड़ी खास तक प्रस्तावित है पुल

उन्होंने सदन को अवगत कराया कि यह पुल चैनपुर प्रखंड के पूर्व लिधकी से बाजार घाट होते हुए पड़वा प्रखंड के ग्राम गाड़ी खास में कुलदीप महतो के चैंबर के समीप तक प्रस्तावित है. इस पुल के निर्माण से दोनों विधानसभा क्षेत्रों के बीच आवागमन काफी आसान हो जाएगा.
दर्जनों गांवों के लोगों को मिलेगा लाभ
विधायक आलोक कुमार चौरसिया ने बताया कि इस पुल के निर्माण से क्षेत्र की बड़ी आबादी को सीधा लाभ मिलेगा. वर्तमान में आवागमन की परेशानी झेल रहे लिधकी, पतरिया, गांगी, दूल्ही और बोकेया जैसे कई गांवों के ग्रामीणों के लिए यह पुल काफी महत्वपूर्ण साबित होगा.
Also Read: गैंगस्टर अमन श्रीवास्तव से हटा UAPA, हाईकोर्ट ने दी बेल
शिक्षा, बाजार और अस्पताल तक पहुंच होगी आसान
पुल बनने से लोगों को पड़वा के मुख्य बाजार तक पहुंचने, उच्च शिक्षा के लिए स्कूल और कॉलेज जाने तथा आपातकालीन स्थिति में अस्पताल तक पहुंचने में काफी सुविधा होगी. इसके अलावा कजरी रेलवे स्टेशन तक की दूरी भी कम हो जाएगी, जिससे स्थानीय यात्रियों को राहत मिलेगी.
आर्थिक और सामाजिक विकास को मिलेगा बढ़ावा
विधायक ने कहा कि यह केवल एक पुल का निर्माण नहीं होगा, बल्कि इससे इलाके के आर्थिक और सामाजिक विकास को भी बढ़ावा मिलेगा. पुल बनने से व्यापारिक गतिविधियां बढ़ेंगी और दूरदराज के क्षेत्रों का जुड़ाव मुख्यधारा से और मजबूत होगा. सदन में उठाए गए इस मुद्दे की क्षेत्र में सराहना हो रही है और लोगों को उम्मीद है कि सरकार इस पर जल्द सकारात्मक निर्णय लेगी.
