Ranchi : टाटीसिलवे थाना क्षेत्र से एक शर्मनाक मामला सामने आया है. जहां दांत का इलाज कराने गई एक 21 वर्षीय युवती डॉक्टर की हैवानियत का शिकार होते होते बची. आरोपी डेंटिस्ट ने क्लिनिक के भीतर युवती के साथ न सिर्फ छेड़खानी की, बल्कि अश्लील हरकतें करते हुए सारी हदें पार कर दीं. पीड़ित युवती की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी डॉक्टर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है.

क्लिनिक के अंदर की वो खौफनाक दास्तान
घटना टाटीसिलवे बैंक मोड़ स्थित एक डेंटल क्लिनिक की है. अनगड़ा हेसल की रहने वाली पीड़िता शुक्रवार को डॉक्टर शाहिद के पास दांतों का इलाज कराने पहुंची थी. पीड़िता का आरोप है कि इलाज शुरू करने के बहाने डॉक्टर ने उसके साथ अश्लील हरकतें करना शुरू कर दिया. पीडिता के बयान के अनुसार जब मैंने इस घिनौनी हरकत का कड़ा विरोध किया, तो वह और आक्रामक हो गया और उसने मुझे नहीं छोड़ा. खुद को डॉक्टर के चंगुल में फंसता देख युवती डर से रोने लगी और उसने अपनी पूरी ताकत लगाकर शोर मचाना शुरू कर दिया. युवती की चीख-पुकार सुनकर और पकड़े जाने के डर से आरोपी डॉक्टर ने उसे छोड़ा.
परिजनों ने थाने में दर्ज कराया मामला
खौफजदा पीड़िता किसी तरह क्लिनिक से निकलकर अपने घर पहुंची और रोते हुए अपने पिता को इस आपबीती की जानकारी दी. बेटी के साथ हुई इस हैवानियत को सुनकर परिजनों के होश उड़ गए. शनिवार को परिजन सीधे टाटीसिलवे थाना पहुंचे और आरोपी डॉक्टर के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई.
पुलिस की कार्रवाई शुरू
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत एक्शन लिया है. टाटीसिलवे थाना प्रभारी हंसे उरांव ने बताया कि पीड़िता के बयान के आधार पर आरोपी डॉक्टर के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. पुलिस मामले की गहनता से छानबीन कर रही है. आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है. इस घटना के बाद से स्थानीय लोगों में आरोपी डॉक्टर के खिलाफ भारी आक्रोश है.
