Latehar: भीषण गर्मी और लगातार बढ़ते तापमान को देखते हुए जिला प्रशासन लातेहार की ओर से समाहरणालय परिसर में आमजनों, कर्मियों एवं आगंतुकों के लिए शीतल पेयजल की व्यवस्था शुरू की गई है. उपायुक्त संदीप कुमार की उपस्थिति में इस सुविधा का निरीक्षण किया गया तथा संबंधित अधिकारियों को नियमित रूप से स्वच्छ एवं पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए. उपायुक्त ने कहा कि गर्मी के मौसम में लोगों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है. समाहरणालय परिसर में प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग विभिन्न कार्यों से पहुंचते हैं, ऐसे में यह सुविधा लोगों को राहत प्रदान करेगी.
पेयजल केंद्र पर स्वच्छता बनाए रखने का निर्देश
इस अवसर पर उपस्थित महिलाओं एवं आमजनों ने जिला प्रशासन की इस पहल की सराहना की. प्रशासन की ओर से पेयजल केंद्र पर स्वच्छता बनाए रखने और नियमित जल आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं, ताकि किसी को असुविधा न हो. उपायुक्त के निर्देशानुसार जिले के सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) कार्यालय, अंचल कार्यालय (सीओ) तथा अन्य सार्वजनिक स्थलों पर भी शीतल पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है, जिससे गर्मी के मौसम में आमजन को राहत मिल सके.

