Giridih: SIR-2026 अभियान के तहत गिरिडीह में लोकतांत्रिक सहभागिता का संदेश देखने को मिला. झारखंड सरकार में मंत्री सुदीव्य कुमार ने स्वयं अपना गणना प्रपत्र भरकर अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाई. मंत्री सुदीव्य कुमार ने अपना भरा हुआ एन्यूमरेशन फॉर्म DC रामनिवास यादव को सौंपा. इस दौरान उन्होंने मतदाता सूची को शुद्ध और अद्यतन बनाए रखने के लिए सभी पात्र नागरिकों से अभियान में सहयोग करने की अपील की.
शुद्ध मतदाता सूची लोकतंत्र की मजबूती का आधार
मंत्री सुदीव्य कुमार ने कहा कि स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव की आधारशिला शुद्ध एवं अद्यतन मतदाता सूची होती है. उन्होंने कहा कि प्रत्येक पात्र नागरिक की जिम्मेदारी है कि वह निर्धारित समय-सीमा के भीतर अपना गणना प्रपत्र भरकर संबंधित बीएलओ (BLO) को उपलब्ध कराए. उन्होंने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने में प्रत्येक मतदाता की भागीदारी महत्वपूर्ण है और SIR-2026 अभियान इसी उद्देश्य को पूरा करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है.
समय पर प्रपत्र जमा करने की अपील
मंत्री ने जिले के सभी नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि किसी भी पात्र मतदाता का नाम मतदाता सूची से छूटना नहीं चाहिए. इसके लिए सभी लोग अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लें और समय पर अपना गणना प्रपत्र जमा करें. उन्होंने कहा कि समय पर प्रपत्र जमा होने से मतदाता सूची की शुद्धता सुनिश्चित होगी और भविष्य में मतदान प्रक्रिया के दौरान किसी भी प्रकार की परेशानी से बचा जा सकेगा.
जिला प्रशासन पूरी पारदर्शिता के साथ चला रहा अभियान
इस अवसर पर DC रामनिवास यादव ने कहा कि जिला प्रशासन भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम को पूरी पारदर्शिता, निष्पक्षता और समयबद्ध तरीके से संचालित कर रहा है.उन्होंने बताया कि अभियान के तहत प्रत्येक पात्र मतदाता तक गणना प्रपत्र पहुंचाने, उसे संग्रह करने और मतदाता सूची को अद्यतन करने का कार्य प्राथमिकता के आधार पर किया जा रहा है.
ALSO READ: NEET-2026 : सरकारी स्कूलों के छात्रों ने दिखाया दम, आकांक्षा योजना के 17 विद्यार्थियों को मिली सफलता
अधिकारियों और BLO को दिए गए हैं आवश्यक निर्देश
DC रामनिवास यादव ने कहा कि अभियान की लगातार निगरानी की जा रही है. सभी संबंधित अधिकारियों, कर्मचारियों और BLO को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची से वंचित न रह जाए.
