Ranchi : झारखंड में सरकारी स्कूलों से पढ़ने वाले मेधावी विद्यार्थियों ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि प्रतिभा संसाधनों की मोहताज नहीं होती. राज्य सरकार की आकांक्षा योजना के तहत निशुल्क आवासीय कोचिंग प्राप्त करने वाले 17 छात्रों ने NEET-2026 में सफलता हासिल कर मेडिकल कॉलेजों की ओर मजबूत कदम बढ़ाया है. इन छात्रों के शानदार प्रदर्शन ने यह दिखाया है कि सही मार्गदर्शन और बेहतर तैयारी मिलने पर सरकारी विद्यालयों के विद्यार्थी भी राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकते है.
अंजलि महतो ने AIR- 4029 हासिल किया
इस वर्ष योजना की सबसे बड़ी उपलब्धि अंजलि महतो रही. जिन्होंने 99.79 परसेंटाइल हासिल कर ऑल इंडिया रैंक AIR- 4029 प्राप्त की. वहीं हिमांशु राज ने 99.60 परसेंटाइल के साथ ऑल इंडिया रैंक 7669 हासिल की. इनके अलावा जीतू यादव, रोहन कुजूर, नितेश कुमार महतो, सेजल राज चंद्रा, काजल कुमारी, किरण कुमारी, खुशी कुमारी, खुशबू कुमारी, रीत कुमार ठाकुर, अमर मुर्मू, सूर्यकांत उरांव, सृष्टि कुमारी, विवेक कुमार मंडल, विनोद चिक बराइक और ममता कुमारी ने भी NEET-2026 में सफलता दर्ज कर योजना की उपलब्धियों में नया अध्याय जोड़ा.
2016-17 में हुई थी योजना की शुरूआत
स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग की इस महत्वाकांक्षी योजना की शुरुआत वर्ष 2016-17 में हुई थी. योजना के तहत जैक बोर्ड से उत्तीर्ण मेधावी एवं आर्थिक रूप से कमजोर छात्रों का चयन किया जाता है. चयनित विद्यार्थियों को मेडिकल, इंजीनियरिंग और अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए पूरी तरह निशुल्क आवासीय सुविधा, भोजन, अध्ययन सामग्री और अनुभवी शिक्षकों का मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाता है. यही मॉडल लगातार बेहतर परिणाम दे रहा है.
ALSO READ : झारखंड में मानसून का जोरदार प्रदर्शन: अगले 5 दिनों तक झमाझम बारिश का अलर्ट, वज्रपात को लेकर भी चेतावनी
