Giridih: NEET-UG 2026 के सफल, निष्पक्ष और कदाचारमुक्त संचालन को लेकर उपायुक्त श्री रामनिवास यादव ने जिले के विभिन्न परीक्षा केंद्रों—HE हाई स्कूल, पचंबा हाई स्कूल और सर जेसी बोस स्कूल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया.
सुरक्षा और सुविधाओं की गहन जांच
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने सुरक्षा व्यवस्था, अभ्यर्थियों की प्रवेश प्रक्रिया, बैठने की व्यवस्था, पेयजल और शौचालय सहित सभी बुनियादी सुविधाओं का बारीकी से अवलोकन किया. उन्होंने केंद्र अधीक्षकों और दंडाधिकारियों को निर्देश दिया कि परीक्षा की शुचिता सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए और किसी भी अनियमितता पर तत्काल सख्त कार्रवाई की जाए.
पारदर्शिता और निष्पक्षता पर प्रशासन का जोर
उपायुक्त ने कहा कि NEET-UG जैसी महत्वपूर्ण राष्ट्रीय परीक्षा में पारदर्शिता और निष्पक्षता बेहद जरूरी है, जिसके लिए प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक इंतजाम किए गए हैं. जिले में कुल 1451 अभ्यर्थियों के लिए परीक्षा आयोजित की गई, जिसमें 98.13 प्रतिशत उपस्थिति दर्ज की गई.
Also Read: देवघर: बाल सुधार गृह में एक लड़की की मौत, दूसरी की स्थिति गंभीर
शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई परीक्षा
पूरे जिले में परीक्षा शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई और किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली. निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने अभ्यर्थियों से संवाद कर उन्हें शुभकामनाएं दीं और ईमानदारी व आत्मविश्वास के साथ परीक्षा देने के लिए प्रेरित किया.
नियंत्रण कक्ष से होती रही निगरानी
परीक्षा के सुचारु संचालन के लिए जिला प्रशासन द्वारा नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया था, जहां से लगातार निगरानी की जा रही थी. इस दौरान उप विकास आयुक्त श्रीमती स्मृता कुमारी और सदर अनुमंडल पदाधिकारी श्रीकांत यशवंत विस्पुते सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे.
