गिरिडीह: SDM के आदेश के बाद भी नहीं खुला रास्ता, टोटो चालक ने भूमाफियाओं पर लगाए गंभीर आरोप

Giridih: जिले के बेंगाबाद थाना क्षेत्र अंतर्गत सोनबाद निवासी टोटो चालक पशुपति चौधरी ने भूमाफियाओं पर उनके घर का रास्ता बंद करने,...

Giridih
गिरिडीह में टोटो चालक ने भूमाफियाओं पर लगाए गंभीर आरोप

Giridih: जिले के बेंगाबाद थाना क्षेत्र अंतर्गत सोनबाद निवासी टोटो चालक पशुपति चौधरी ने भूमाफियाओं पर उनके घर का रास्ता बंद करने, मुख्य गेट पर ताला लगाने और परिवार को लगातार धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है. पीड़ित का कहना है कि वह पिछले करीब 18 वर्षों से उक्त स्थान पर घर बनाकर अपने परिवार के साथ रह रहे हैं, लेकिन अब रास्ता बंद कर दिए जाने के कारण उन्हें और उनके परिवार को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है.

एसडीएम के आदेश के बाद भी नहीं खुला रास्ता

पशुपति चौधरी के अनुसार, मामले को लेकर उन्होंने अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीएम) के समक्ष आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई थी. आवेदन पर सुनवाई के बाद एसडीएम ने संबंधित पक्ष को रास्ता उपलब्ध कराने का आदेश जारी किया था. बावजूद इसके अब तक आदेश का पालन नहीं किया गया है.

गेट पर ताला लगाने और धमकी देने का आरोप

पीड़ित का आरोप है कि भूमाफियाओं ने न केवल उनके घर तक आने-जाने वाले रास्ते को अवरुद्ध कर दिया, बल्कि मुख्य गेट पर ताला भी लगा दिया है. उन्होंने कहा कि परिवार के सदस्यों को लगातार धमकियां दी जा रही हैं, जिसके कारण वे भय और असुरक्षा के माहौल में जीवन बिताने को मजबूर हैं.

प्रशासन से कार्रवाई की मांग

पशुपति चौधरी और उनके परिवार ने जिला प्रशासन एवं पुलिस से मामले में तत्काल हस्तक्षेप करने की मांग की है. उन्होंने रास्ता खुलवाने, परिवार को सुरक्षा उपलब्ध कराने और आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की गुहार लगाई है. पीड़ित परिवार का कहना है कि न्याय मिलने तक वे अपनी लड़ाई जारी रखेंगे.

ALSO READ: जामताड़ा : घर में घुसकर पिस्टल के बल पर छेड़खानी का आरोप, 12 लोगों पर प्राथमिकी दर्ज

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *