दो दिवसीय 15वीं झारखंड राज्य स्तरीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता संपन्न, बोकारो बना ओवरऑल चैंपियन

  Ranchi: झारखंड एथलेटिक्स संघ एवं बोकारो जिला एथलेटिक्स संघ के संयुक्त तत्वावधान में चंदनक्यारी स्थित स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित दो दिवसीय...

 

 Ranchi: झारखंड एथलेटिक्स संघ एवं बोकारो जिला एथलेटिक्स संघ के संयुक्त तत्वावधान में चंदनक्यारी स्थित स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित दो दिवसीय 15वीं झारखंड राज्य स्तरीय सीनियर एथलेटिक्स प्रतियोगिता रविवार को पुरस्कार वितरण के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हो गई. 18 से 19 अप्रैल तक चली इस प्रतियोगिता में राज्य के 24 जिलों से कुल 240 एथलीट और 60 तकनीकी पदाधिकारियों ने भाग लिया, जिससे आयोजन में खेल प्रतिभाओं का शानदार प्रदर्शन देखने को मिला.

समापन समारोह में खिलाड़ियों का सम्मान

समापन समारोह में चंदनक्यारी के प्रखंड विकास पदाधिकारी अजय वर्मा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे. उन्होंने विजेता खिलाड़ियों को मेडल, सर्टिफिकेट और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया. इस अवसर पर झारखंड एथलेटिक्स संघ के अध्यक्ष सी.डी. सिंह, सचिव शिव कुमार पांडे, एस.एम. शम्सी, आईटीओ उमेश लोहरा, धनबाद के डीएसओ, आयोजन सचिव आशु भाटिया सहित कई गणमान्य अतिथि मौजूद रहे. साथ ही विभिन्न जिलों के एथलेटिक्स पदाधिकारी और प्रशिक्षक भी कार्यक्रम में शामिल हुए.

बोकारो बना ओवरऑल चैंपियन, रांची रहा उपविजेता

प्रतियोगिता में बोकारो जिला ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 68 अंकों के साथ ओवरऑल चैंपियन का खिताब अपने नाम किया, जबकि रांची जिला 47 अंकों के साथ उपविजेता रहा. विभिन्न स्पर्धाओं में खिलाड़ियों ने बेहतरीन प्रदर्शन कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया.

महिला लंबी कूद और डिस्कस थ्रो में दमदार प्रदर्शन

महिला लंबी कूद में साहेबगंज की हुस्नआरा प्रवीण ने पहला स्थान हासिल किया, जबकि हजारीबाग की प्रीति लकड़ा दूसरे और पश्चिमी सिंहभूम की लक्ष्मी पिंगुआ तीसरे स्थान पर रहीं. डिस्कस थ्रो महिला वर्ग में पलामू की शिवानी कुमारी विजेता बनीं, वहीं धनबाद की लक्ष्मी कुमारी और पूर्वी सिंहभूम की अर्पिता पात्रा क्रमशः दूसरे और तीसरे स्थान पर रहीं.

रिले रेस में बोकारो का दबदबा

4×400 मीटर महिला रिले में धनबाद प्रथम और पाकुड़ द्वितीय रहा, जबकि पुरुष वर्ग में बोकारो ने बाजी मारी और गोड्डा तथा धनबाद क्रमशः दूसरे और तीसरे स्थान पर रहे. इसके अलावा 4×100 मीटर रिले पुरुष और महिला दोनों वर्गों में बोकारो ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया.

Also Read: पेसा नियम पर ग्राम सभा, कोरम न पूरा होने से ग्राम प्रधान चुनाव टला

वॉक, दौड़ और जंप स्पर्धाओं में शानदार प्रदर्शन

10,000 मीटर वॉक महिला में बोकारो की नेहा खलको ने पहला स्थान प्राप्त किया, जबकि पुरुष वर्ग में धनबाद के रोशन कुमार विजेता बने. 5000 मीटर पुरुष दौड़ में गिरिडीह के दीपक ठाकुर प्रथम रहे. ट्रिपल जंप पुरुष में रांची के विशाल बहादुर ने जीत दर्ज की, वहीं 200 मीटर महिला में रांची की पूनम कुमारी और पुरुष वर्ग में बोकारो के शिव कुमार सोरेन विजेता बने.

थ्रो इवेंट्स में खिलाड़ियों का दमखम

हैमर थ्रो पुरुष में रांची के अमित लोहरा और महिला वर्ग में पलामू की शिवानी कुमारी विजेता बनीं. जेवलिन थ्रो पुरुष में रामगढ़ के विशाल नायक और महिला वर्ग में रांची की बबली कुमारी ने पहला स्थान प्राप्त किया। 800 मीटर महिला दौड़ में बोकारो की आशा किरण बारला विजेता रहीं.

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *