आस्था का महाकुंभ शुरू: आज खुलेंगे गंगोत्री-यमुनोत्री धाम के कपाट, सीएम धामी करेंगे शुभारंभ

  Religion Desk: उत्तराखंड हिमालय में आस्था का महापर्व आज से शुरू हो रहा है. यमुनोत्री और गंगोत्री धाम के कपाट खुलने...

 

Religion Desk: उत्तराखंड हिमालय में आस्था का महापर्व आज से शुरू हो रहा है. यमुनोत्री और गंगोत्री धाम के कपाट खुलने के साथ चारधाम यात्रा का शुभारंभ होगा. निर्धारित समय के अनुसार गंगोत्री धाम के कपाट दोपहर 12:15 बजे, जबकि यमुनोत्री धाम के कपाट 12:35 बजे श्रद्धालुओं के लिए खोले जाएंगे.

पहले दर्शन के लिए उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब

पहले दर्शन की चाह में 10 हजार से अधिक श्रद्धालु दोनों धामों के बेस कैंप तक पहुंच चुके हैं, जहां उत्साह और भक्ति का माहौल देखने को मिल रहा है. वहीं, यात्रा की औपचारिक शुरुआत करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ऋषिकेश स्थित ट्रांजिट कैंप से शनिवार सुबह आठ बसों को हरी झंडी दिखाकर धामों की ओर रवाना किया.

सीएम धामी गंगोत्री धाम में रहेंगे मौजूद

चारधाम यात्रा के शुभारंभ के इस विशेष अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी आज गंगोत्री धाम में मौजूद रहेंगे और कपाट खुलने की पावन घड़ी के साक्षी बनेंगे. इस ऐतिहासिक पल को खास बनाने के लिए गंगोत्री और यमुनोत्री धाम को फूलों से भव्य रूप से सजाया गया है, जबकि गंगा-यमुना की घाटियां भजन-कीर्तन से भक्तिमय माहौल में डूबी हुई हैं.

उत्सव डोलियों के साथ शुरू होंगे धार्मिक अनुष्ठान

सुबह के समय मां गंगा और यमुना की चल विग्रह उत्सव डोलियां अपने-अपने धाम- गंगोत्री और यमुनोत्री- पहुंचेंगी, जिसके साथ ही धार्मिक अनुष्ठानों की शुरुआत होगी. उधर, बदरीनाथ और केदारनाथ धाम में भी यात्रा को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं.

Also Read: अक्षय तृतीया 2026: धन और किस्मत चमकाने के लिए करें ये 5 चमत्कारी उपाय

केदारनाथ और बदरीनाथ धाम के कपाट की तिथियां तय

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 22 अप्रैल को केदारनाथ धाम और 23 अप्रैल को बदरीनाथ धाम के कपाट खोले जाएंगे, जिसके साथ चारधाम यात्रा पूर्ण रूप से प्रारंभ हो जाएगी. वहीं, श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए पैदल यात्री अभी से गौरीकुंड और पांडुकेश्वर जैसे प्रमुख पड़ावों पर पहुंचने लगे हैं.

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *